सरकार ने दिया ‘रसोई गैस और कमर्शियल गैस’ कीमतों में ‘वृद्धि का झटका’

Friday, Mar 03, 2023 - 04:42 AM (IST)

मार्च महीने के पहले ही दिन घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 50 रुपए की बढ़ौतरी कर दी गई है। इस वृद्धि के बाद अब बिना सबसिडी वाले रसोई गैस सिलैंडर (14.2 किलो) की कीमत दिल्ली में 1103 रुपए, पंजाब में 1062 से 1131 रुपए के बीच, हरियाणा में 1129 रुपए, जम्मू-कश्मीर में 1155 रुपए और हिमाचल में 1205 रुपए तक हो गई है।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल, 2021 से अब तक रसोई गैस सिलैंडर की कीमतों में 9 बार वृद्धि की जा चुकी है। गत वर्ष कुल 205.5 रुपए और वर्ष 2022 में 153.5 रुपए की वृद्धि करने के बाद अब 1 मार्च को इसमें 50 रुपए की और वृद्धि कर दी गई है। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल एल.पी.जी. सिलैंडर की कीमत में भी 350.50 रुपए की भारी वृद्धि की गई है। अब दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलैंडर की कीमत 2119.50 रुपए हो गई।

रसोई गैस, पैट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ौतरी के कारण अब लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। महंगाई ने लोगों के घरों का बजट बिगाड़ दिया है। इससे निश्चय ही गृहणियों की नाराजगी बढ़ेगी जिसका सरकारों को खमियाजा भुगतना पड़ सकता है। -विजय कुमार

Advertising