भाजपा नेताओं द्वारा गाली-गलौच, बलात्कार, पिटाई और ज्यादतियां

Wednesday, Jul 05, 2017 - 11:30 PM (IST)

सत्ता प्रतिष्ठान से जुड़े लोगों, राजनीतिज्ञों और उनके परिजनों से आशा की जाती है कि वे कोई भी कानून विरोधी कार्य नहीं करेंगे और स्वयं को सच्चा जनसेवक सिद्ध करते हुए आम लोगों की मुश्किलें सुलझाने में मदद करेंगे और पार्टी की प्रतिष्ठान बढ़ाएंगे परंतु आज ये लोग बड़े पैमाने पर दबंगई तथा गलत कामों में शामिल पाए जा रहे हैं।

निम्र में दर्ज हैं केंद्र व देश के अधिकांश राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं एवं कार्यकत्र्ताओं की दबंगई और गुंडागर्दी के चंद उदाहरण :
11 अप्रैल को झारखंड के झरिया से भाजपा विधायक संजीव सिंह को पुलिस ने अपने चचेरे भाई और कांग्रेस नेता नीरज सिंह तथा उनके तीन साथियों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।

20 अप्रैल को उत्तर प्रदेश में सीतापुर के भाजपा विधायक राकेश राठौर  अपने काफिले को टोल पार करने में मात्र 10 सैकेंड का इंतजार करने के लिए कहने पर इस कदर भड़क उठे कि न सिर्फ उन्होंने टोल कर्मियों को  दादागिरी दिखाई बल्कि एक टोल कर्मचारी को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया।

08 मई को गोरखपुर के विधायक राधामोहन दास ने आई.पी.एस. अधिकारी चारू निगम को सार्वजनिक समारोह में चिल्ला कर फटकार लगाई व कहा ,‘‘अपनी हद मत लांघो’’ जिससे चारू की आंखों में आंसू आ गए।

18 मई को कौशाम्बी के निकट ‘म्योहर’ स्थित ‘केशव देवी स्कूल’ के प्रबंधकों द्वारा एक भाजपा कार्यकत्र्ता राजनारायण तिवारी के बेटे सत्यम तिवारी को स्कूल में तोड़-फोड़ करने पर स्कूल से निकाल देने के कारण राजनारायण तिवारी प्रबंधकों पर बुरी तरह भड़क उठा।

बताया जाता है कि स्कूल में पहुंच कर राजनारायण ने इसका बंद गेट भाजपा का झंडा लगी अपनी स्काॢपयो से जोर से टक्कर मार कर तोड़ डाला। यही नहीं उसने स्कूल की प्रिंसिपल व अन्य स्टाफ से बदसलूकी भी की।

22 मई को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में भाजपा नेता प्रकाश अग्रवाल ने जिले की नई कलैक्टर शम्मी आबिदी बारे सोशल मीडिया पर गलत शब्दों का प्रयोग किया जिस पर वहां की महिलाओं ने उसके विरुद्ध प्रदर्शन किया।

07 जून को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा विधायक राम सोनकर को एक होमगार्ड ने ट्रैफिक का उल्लंघन करने से रोका तो सोनकर ने उसे थप्पड़ जड़ दिया और उसके गुर्गों ने होमगार्ड पर राइफल भी तान दी।

22 जून को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा की ओर से जबरदस्ती कुछ मकानों पर, जिनमें अनेक मकान कांग्रेसियों के हैं, ‘मेरा घर, भाजपा का घर’ लिखने से बवाल पैदा हो गया।

02 जुलाई को उत्तर प्रदेश के महोबा में भाजपा से संबंधित कुछ दबंगों  ने 2 अलग-अलग घटनाओं में 2 महिलाओं सहित 5 लोगों को बुरी तरह पीटा जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।

03 जुलाई को फतेहाबाद में बिजली चोरी की जांच करने गए हरियाणा बिजली निगम के अधिकारियों से मारपीट के आरोपी भाजपा जिला सचिव विजय गोयल को पुलिस ने गिरफ्तार करके 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया। निगम ने उन पर एक लाख रुपए जुर्माना भी लगाया।

पुलिस ने गोयल और उनके पारिवारिक सदस्यों के विरुद्ध बिजली कर्मियों की पिटाई आदि के आरोप में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया है। दूसरी ओर विजय गोयल का आरोप है कि बिजली निगम वालों ने खुद उनके मीटर की सील तोड़ी, कनैक्शन काटा और विरोध करने पर उनकी पत्नी से बदसलूकी की

04 जुलाई को महाराष्ट्र के चंद्रपुर इलाके में  युवा भाजपा नेता रविन्द्र बावनथड़े द्वारा चलती बस में एक युवती से शारीरिक संबंध बनाने का वीडियो वायरल होने से हड़कम्प मच गया। युवती ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया है। बस में लगे सी.सी.टी.वी. में यह पूरा मामला रिकार्ड हो गया।

सत्ता के नशे में चूर चंद लोगों द्वारा निश्चय ही एक बहुत गलत परम्परा को जन्म देने वाला यह एक खतरनाक रुझान है। अत: भाजपा हाई कमान को ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करके इस पर रोक लगानी चाहिए ताकि ऐसे लोगों के कारण पार्टी की बदनामी न हो।      —विजय कुमार  

Advertising