‘पंजाब में नशा और हथियार भेजने के लिए’ नाबालिगों का इस्तेमाल करने लगा पाकिस्तान!

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 02:58 AM (IST)

अस्तित्व में आने के समय से ही पाकिस्तान ने अपना भारत विरोधी रवैया जारी रखा हुआ है और पाकिस्तान द्वारा समॢथत तस्करों ने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में नशे तथा हथियार आदि की तस्करी के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करना भी शुरू कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नाबालिगों को रुपयों का लालच देकर ड्रोनों से गिराए हुए नशे और हथियारों के पैकट खेतों से उठा कर आगे पहुंचाने का काम उनसे लिया जा रहा है, जिनकी इसी वर्ष की लगभग साढ़े 4 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 8 मार्च को ‘कपूरथला’ (पंजाब) में पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल को ध्वस्त करते हुए एक 17 वर्षीय नाबालिग और उसके साथी को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 5 पिस्टल बरामद की गईं।
* 19 मार्च को ‘अमृतसर’ पुलिस ने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार मंगवाने वाले तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 7 अत्याधुनिक और उच्च तकनीकी पिस्टल बरामद हुईं जो काफी खतरनाक बताई जाती हैं। 
* 5 जून को ‘अमृतसर’ में पंजाब पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा से जुड़े हथियार और ड्रग्स तस्करी रैकेट का खुलासा किया, जिसमें 2 नाबालिगों और एक अफगान नागरिक सहित अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 5 अत्याधुनिक पिस्टल और हैरोइन बरामद हुई।

* 10 जुलाई को ‘अमृतसर’ सिटी पुलिस ने सीमा पार से संचालित नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करके अमृतसर के ‘खासा’ गांव के रहने वाले ‘लवप्रीत सिंह’ नामक आरोपी के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार करके 8.3 किलो हैरोइन व 2 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की। 
* 14 जुलाई को ‘अमृतसर रूरल पुलिस’ (घरिंडा थाना) ने ड्रोन के जरिए सीमा पार से अत्याधुनिक हथियार मंगाने वाले एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करके एक नाबालिग सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 ए.के. 47 राइफल, 1 मोडीफाइड ऑटोमैटिक हथियार, एक सैमी-ऑटोमैटिक हथियार और 1 हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ।

* 17 जुलाई को ‘तरनतारन’ (पंजाब) में पुलिस ने सीमा पार से जुड़े एक हथियार तस्करी नैटवर्क का पर्दाफाश करके 2 मुख्य आरोपियों और उनके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार करके उनके पास से मैगजीन के साथ 8 अवैध पिस्टल बरामद कीं।
* 17 जुलाई को ही एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स फिरोजपुर रेंज की पुलिस ने तस्करी के एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय नैटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग विद्यार्थी तस्कर को पाकिस्तान से मंगवाई गई 12 किलो 110 ग्राम हैरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया।
* 18 जुलाई को ही ‘अमृतसर’ (पंजाब) कमिश्नरेट पुलिस ने एक केंद्र्रीय एजैंसी के साथ मिलकर सीमा पार ड्रग्स, हथियार और हवाला नैटवर्क का भंडाफोड़ करके एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग सहित 7 आरोपियों को हिरासत में लिया। इनके पास से 2 सब-मशीन गनों सहित 10 अत्याधुनिक हथियार और 5.048 किलो हैरोइन मिली।

* 19 जुलाई को ‘फाजिल्का’ (पंजाब) में पुलिस ने ‘जलालाबाद’ क्षेत्र में अवैध हथियारों और नशा तस्करी के एक बड़े नैटवर्क का भंडाफोड़ करके एक नाबालिग समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 विदेशी पिस्टल, 6 मैगजीन, 4 कारतूस, 750 ग्राम हैरोइन तथा लगभग अढ़ाई लाख रुपए ड्रग मनी बरामद की गई। एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले 14 महीनों के दौरान सीमा पार से नशों और हथियारों की तस्करी के सिलसिले में 54 नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। नशे और हथियारों के तस्कर अपने सामान को आगे सप्लाई करने के लिए नाबालिगों को प्रलोभन देकर इसलिए रखते हैं क्योंकि छोटी उम्र के होने के कारण आमतौर पर सुरक्षा अधिकारी उन पर शक नहीं करते। अत: नाबालिगों को इस अपराध के लिए इस्तेमाल करने वाले तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि इस बुराई पर रोक लग सके।—विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News