महिलाओं से छेड़छाड़ रोकने के लिए मुम्बई के आटो चालकों का ‘टच मी नॉट’ अभियान

punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2023 - 05:36 AM (IST)

इन दिनों महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं में भारी वृद्धि को देखते हुए मुम्बई के आटो रिक्शा चालक संघ ने अपने आटो रिक्शाओं में यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुछ पग उठाए हैं। इस संबंध में संघ ने अपने सभी सदस्य आटो चालकों को महिला यात्रियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का आदेश दिया है कि यदि कोई महिला यात्री किसी पुरुष सहयात्री द्वारा दुव्र्यवहार या गलत ढंग से छूने की शिकायत करे तो उसकी तत्काल सहायता की जाए। 

संघ के प्रधान शशांक राव के अनुसार अब सभी आटो चालकों को ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेने के लिए कहा गया है कि वे ऐसी कोई भी शिकायत मिलने पर दोषी पुरुष यात्री को आटो से उतार दें और यदि महिला यात्री पुलिस में शिकायत करना चाहे तो वे दोषी पुरुष यात्री के साथ महिला को नजदीक के पुलिस स्टेशन लेकर जाएं। इस संबंध में संघ ने ‘टच मी नॉट’ नाम से एक प्रचार अभियान भी चलाना शुरू किया है और सोशल मीडिया तथा एफ.एम. चैनल के माध्यम से भी लोगों को इस संबंध में सूचित कर रहा है। 

शशांक राव के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य प्रतिदिन आटो रिक्शाओं में यात्रा करने वाली महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाना है। इसके लिए आने वाले दिनों में संघ आटो चालकों के लिए 15-16 प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित करने जा रहा है। मुंबई के आटो चालकों द्वारा शुरू किया गया यह अभियान महिलाओं से छेड़छाड़ रोकने में किसी सीमा तक सहायक सिद्ध हो सकता है। अत: अन्य स्थानों पर भी इसे आजमाया जाना चाहिए।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News