‘दुखद परिणाम पर पहुंचते’ लिव-इन रिलेशनशिप!

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:03 AM (IST)

‘लिव-इन रिलेशनशिप’ या ‘सहमति संबंध’ एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें स्त्री-पुरुष बिना विवाह किए पति-पत्नी की भांति रहने के साथ-साथ कई बार तो बच्चे भी पैदा कर लेते हैं। आपसी सहमति से कायम ऐसे संबंध पश्चिमी देशों में तो आम  हैं तथा उनकी देखा-देखी भारत में भी यह रुझान फैलने लगा है, जिसके परिणाम कई बार दुखद निकलते हैं तथा ‘लिव-इन’ में रहने वाले अपने पार्टनरों की हत्या करने से भी संकोच नहीं करते जिसकी पिछले तीन महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 26 जनवरी को ‘गाजीपुर’ (उत्तर प्रदेश) के ‘देवकली’ गांव में अपनी रूठी गर्लफ्रैंड ‘रीता यादव’ को मनाने मुम्बई से आए उसके ब्वायफ्रैंड ‘राजीव यादव’ को उसकी हत्या कर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
दोनों काफी समय से मुम्बई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। कुछ दिन पूर्व ‘रीता यादव’ नाराज होकर अपने गांव चली आई थी और ‘राजीव’ उसे मनाकर मुम्बई वापस ले जाने के लिए आया था और उस पर चलने के लिए दबाव बनाने लगा। इसी दौरान दोनों में कहा-सुनी हुई और ‘राजीव यादव’ ने ‘रीता यादव’ के सिर पर ईंट दे मारी जिससे उसकी मौत हो गई। 
* 2 मार्च को ‘बेंगलुरू’ (कर्नाटक) में ‘मोहन राव’ नामक एक व्यक्ति की चाकू से गोद कर हत्या कर देने के आरोप में उसकी लिव-इन पार्टनर ‘बिंदू’, उसके प्रेमी ‘विनय’ तथा एक अन्य युवक ‘धनुष’ को गिरफ्तार किया गया।
‘मोहन’ और ‘ङ्क्षबदू’ ने अपने मकान मालिक के सामने खुद को पति-पत्नी बताया था। ‘मोहन’ अपनी ब्याहता पत्नी को छोड़ कर लम्बे समय से अकेला रह रहा था। ‘बिंदू’ भी पहले से शादीशुदा थी और अपने पति से अलग रहती थी और अब ‘मोहन’ को छोड़ कर अपने एक अन्य प्रेमी ‘विनय’ से शादी करना चाहती थी, परंतु ‘मोहन राव’ इसमें बाधा बन रहा था। 
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रात में पहले ‘मोहन’ को शराब पिलाई फिर चाकू से उस पर हमला कर दिया तथा प्लास्टिक से उसका मुंह और नाक बंद कर दिए जिससे उसकी मौत हो गई।

* 6 मार्च को ‘जगाधरी’ (हरियाणा) पुलिस ने ‘गुंजन’ (33) नामक युवक की हत्या करने के आरोप में ‘सुषमा’ उर्फ ‘रानी’ (50) तथा उसके बेटे ‘आकाश’ को गिरफ्तार किया। 
‘गुंजन’ लगभग डेढ़ वर्ष से ‘सुषमा’ उर्फ ‘रानी’ के साथ लिव-इन रिलेशन में था। ‘सुषमा’ अपने पहले पति को छोडऩे के बाद ‘गुंजन’ के सम्पर्क में आई और दोनों ‘यमुनानगर’ में इकट्ठे रहने लगे। बाद में ‘सुषमा’ का पहले विवाह से बेटा ‘आकाश’ भी उनके पास रहने के लिए आ गया। 
‘गुंजन’ शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में ‘आकाश’ से लड़ाई-झगड़ा करता था। इसी कारण ‘सुषमा’ और गुंजन’ में भी झगड़ा होने लगा था। सुषमा के अनुसार घटना की रात भी गुंजन और आकाश में झगड़ा हुआ था जो इतना बढ़ गया कि उसने आकाश के साथ मिल कर ‘गुंजन’ की हत्या कर दी।

* 15 अप्रैल को ‘कौशांबी’ (उत्तर प्रदेश) में ‘खोजवापुर गांव’ में 3 वर्ष से लिव-इन में रह रही ‘मोनी वर्मा’ नामक युवती को मार डालने के आरोप में ‘हर्ष खियानी’ तथा उसके दोस्त ‘यश गुप्ता’ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार ‘हर्ष खियानी’ पहले से विवाहित था तथा ‘मोनी’ उसकी दूसरी पत्नी के रूप में उसके घर में रहने की जिद कर रही थी जबकि ‘हर्ष  की पहली पत्नी और बच्चे उसका विरोध कर रहे थे। लिहाजा ‘मोनी’ को अपने रास्ते से हटाने के लिए ‘हर्ष’ और ‘यश गुप्ता’ ने उसे मार डाला। 
* और अब 21 अप्रैल को ‘बेंगलुरू’ (कर्नाटक) में ‘प्रेमा’ नामक एक महिला को लिव-इन रिलेशन में रहने वाले अपने प्रेमी ‘किरण’ के हाथ-पैर बांध कर बेरहमी से मार डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 
उक्त घटनाओं से स्पष्ट है कि ‘लिव-इन’ रिलेशन भारतीय संस्कृति के अनुकूल नहीं हैं। अत: ऐसे संबंध सोच-समझ कर ही बनाने चाहिएं ताकि बाद में पछताना न पड़े। यह एक ऐसा रुझान है जिससे बचना ही बेहतर है।     —विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News