‘कैसे आ रही लोगों में इतनी हिंसा’ निकल रहे दुखद परिणाम!

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 03:41 AM (IST)

आज दुनिया भर में लोग जहां छोटी-छोटी बातों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं, वहीं एक-दूसरे के विरुद्ध बेरहमी से चाकू-छुरियों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिनका परिणाम दुखद घटनाओं में निकल रहा है। इसी सम्बन्ध में पिछले 6 महीनों में सामने आईं चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं : 
* 3 जुलाई, 2025 को ‘कासगंज’ (उत्तर प्रदेश) में सब्जी में नमक ज्यादा होने से नाराज ‘रामू’ नामक व्यक्ति ने सीढिय़ों पर खड़ी अपनी गर्भवती पत्नी ‘ब्रजबाला’ को इतने जोर से थप्पड़ मारा कि लडख़ड़ा कर नीचे गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

* 31 अक्तूबर, 2025 को ‘दिल्ली’ में ‘मंगोलपुरी’ में 2 युवकों ने एक युवक से 10 रुपए मांगे और युवक द्वारा न देने पर चाकू मार कर उसकी हत्या कर दी। 
* 2 नवम्बर, 2025 को ‘हरिद्वार’ (उत्तराखंड) में 3 लोग एक दुकानदार के  पास 1000 रुपए का सामान उधार लेने के लिए आए तो दुकानदार ने पहले उन्हें पिछले बकाए का भुगतान करने को कहा। इस पर गुस्से में आकर तीनों ने दुकानदार को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। 
* 24 दिसम्बर, 2025 को ‘मुम्बई’ (महाराष्टï्र) के ‘बैंगनवाड़ी’ इलाके में ‘बिरयानी’ में नमक अधिक होने पर गुस्से में आकर ‘मंजर हुसैन’ नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी ‘नाजिया परवीन’ की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। 
* 1 जनवरी, 2026 को ‘मुम्बई’ (महाराष्टï्र) में एक महिला ने नए साल का जश्न मनाने के बहाने अपने प्रेमी को अपने घर पर मिलने के लिए बुला कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान अचानक उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया क्योंकि उसके प्रेमी ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया था। 

* 24 जनवरी, 2026 को ‘फरीदाबाद’ (हरियाणा) के ‘झाड़सेंतली’ गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 4 वर्षीय बेटी द्वारा 50 तक गिनती न लिख पाने पर गुस्से में आकर उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। 
* 28 जनवरी, 2026 को ‘लुधियाना’ (पंजाब) में किन्नरों के 2 गुटों के बीच चल रही रंजिश ने खौफनाक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि एक गुट ने दूसरे गुट से संबंधित युवक का अपहरण करके उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। 
* 28 जनवरी को ही ‘दिल्ली’ के वसंतकुंज में बीड़ी जलाने के लिए माचिस को लेकर हुए विवाद में कुछ अज्ञात हमलावरों ने ‘कर्ण’ नामक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी। 
* 29 जनवरी, 2026 को ‘मुम्बई’ की लोकल ट्रेन में सवार 2 महिलाओं को धकेल कर आगे बढऩे की कोशिश कर रहे ‘ओंकार शिंदे’ नामक युवक को ‘आलोक सिंह’ नामक एक अन्य यात्री द्वारा टोकने पर ‘ओंकार शिंदे’ को इतना गुस्सा आया कि उसने ‘आलोक सिंह’ पर तेजधार हथियार से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। 

* 30 जनवरी, 2026 को ‘ग्रेटर नोएडा’ (उत्तर प्रदेश) केे ‘कुड़ीखेड़ा’ गांव में ‘बुलेट’ मोटरसाइकिल से पटाखे छोडऩे पर एक युवक की ईंटों से पीट-पीट कर हत्या कर देने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया। 
* 31 जनवरी, 2026 को ‘गाजियाबाद’ (उत्तर प्रदेश) में एक ढाबे पर खाना परोसने में हुई देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया तथा इस झगड़े में 2 युवकों की हत्या कर दी गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। 
* और अब 1 फरवरी, 2026 को ‘इंदौर’ (मध्य प्रदेश) में अपनी मां की दूसरी शादी से गुस्से में आए युवक ने अपने सौतेले पिता पर हमला करके उसे मार डाला और शादी के 29वें दिन ही उसकी मां दोबारा विधवा हो गई। 

उक्त घटनाओं से स्पष्ट है कि आज के जमाने में लोगों में असहनशीलता किस कदर बढ़ गई है जिसके भयानक परिणाम निकल रहे हैं। निश्चय ही यह लोगों में बढ़ रही संकीर्ण सोच का ही परिणाम है। आज टैलीविजन तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर दिखाई जाने वाली हिंसक सामग्री का भी लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है जिसके लिए समाज में सकारात्मक विचारधारा को बढ़ाने की आवश्यकता है।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News