पंजाब में ‘महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा’ का सरकारी ‘खजाने पर पड़ता बोझ’

Thursday, Oct 12, 2023 - 04:39 AM (IST)

महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा 2019 में दिल्ली की ‘आम आदमी पार्टी’ की सरकार ने शुरू की थी। पंजाब में अप्रैल 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह (कांग्रेस) ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी और अब भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आम आदमी पार्टी’ की सरकार ने अपनी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा प्रदान कर रखी है। 

पंजाब सरकार इसके लिए सरकारी परिवहन को 800 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दे चुकी है, जबकि पंजाब रोडवेज और पनबस के अभी भी 165 करोड़ रुपए और पी.आर.टी.सी. के 120 करोड़ रुपए बकाया हैं। स्पष्टत: महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का बोझ पंजाब पर पड़ रहा है। बेशक पंजाब सरकार द्वारा दी गई इस सुविधा का लाभ महिलाएं उठा रही हैं, परंतु ऐसी रियायतों का बोझ अंतत: सरकारी खजाने पर ही पड़ता है जिसकी भरपाई के लिए सरकार को कई उपाय करने पड़ते हैं और इसकी चपेट में आम लोग ही आते हैं। 

इस बारे कुछ लोगों का कहना है कि महिलाओं को किराए में पूरी छूट देने की बजाय कुछ छूट दे देना अधिक सही होता तथा इससे सरकार के खजाने पर बोझ भी घटता और महिलाओं को कुछ सुविधा भी मिलती रहती। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि मुफ्त के लालच में कुछ बहनें बिना किसी काम के ही यात्रा पर निकल पड़ती हैं। इससे बसों में अनावश्यक भीड़ होने के कारण दूसरे यात्रियों को असुविधा होती है और मुफ्त यात्रा सुविधा का दुरुपयोग भी होता है।—विजय कुमार 

Advertising