‘एयरपोर्ट्स पर बढ़ रहे’ नशे और सोने की तस्करी के मामले!
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 04:24 AM (IST)
देश और विदेश में आसानी से और जल्दी आवागमन के लिए सामान्य तौर पर विमान सेवाओं का इस्तेमाल होता है लेकिन तस्करों ने इस सुविधा का इस्तेमाल नशों और सोने की तस्करी के लिए शुरू कर दिया है।
ये तस्कर सोने और नशे की तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पिछले 2 महीनों में ही देश के बड़े एयरपोर्ट्स पर पकड़े गए नशे और सोने की तस्करी के मामले निम्न में दर्ज हैं।
* 14 जनवरी, 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर म्यांमार से आए 3 यात्रियों को 2.9 करोड़ रुपए कीमत की 2.1 किलोग्राम सोने की छड़ों के साथ पकड़ा गया।
* 21 जनवरी को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर (साओ पाऊलो) ब्राजील से आए एक यात्री से 38.60 करोड़ रुपए मूल्य की 7.72 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसे बच्चों की ‘फेयरी टेल’ किताबों में छिपाया गया था।
* 28 जनवरी को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तस्करों के कब्जे से विदेशी मुद्रा और हीरे जब्त किए।
* 30 जनवरी को मुंबई एयरपोर्ट पर दुबई से आए एक यात्री से पेस्ट के रूप में तस्करी करके लाया गया सोना बरामद किया गया!
* 5 फरवरी को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दुबई से आए यात्री के अंडरगार्मैंट्स में से 600 ग्राम सोना बरामद किया गया जिसकी कीमत 96 लाख रुपए थी।
* 11 फरवरी को पुणे एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए यात्री से खिलौनों के बक्से में छिपा कर लाई गई 5.4 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई जिसकी कीमत 5.4 करोड़ रुपए थी।
* 20 फरवरी को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अबू धाबी से आए ‘शाहरुख’ नाम के यात्री से 135 ग्राम सोने के कैप्सूल बरामद किए गए। तस्कर इन कैप्सूलों को निगल कर लाया था। मैडीकल जांच के बाद उन्हें पेट से निकाला गया।
* 17 से 24 फरवरी के मध्य मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स अधिकारियों ने 23.59 करोड़ रुपए कीमत की कुल 23.59 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड और सोना जब्त किया।
* 1 मार्च को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने 2 अलग-अलग मामलों में 3 किलो से अधिक सोने के साथ 3 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सोने की कीमत 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई।
* 1 मार्च को ही चेन्नई एयरपोर्ट पर सिंगापुर से आए यात्री से 1.14 करोड़ रुपए मूल्य की 750 ग्राम गोल्ड पेस्ट बरामद की गई।
* 2-3 मार्च की मध्य रात्रि को कोझिकोड (कालीकट) एयरपोर्ट पर डायरैक्टरोरेट आफ रैवेन्यू इंटैलीजैंस ने मस्कट से आए यात्री से 1.9 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ जब्त की। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3.86 करोड़ रुपए है।
* 3 मार्च को पुणे एयरपोर्ट पर बैंकाक से आई एयर इंडिया एक्सप्रैस की फ्लाइट में टिश्यू कैबिनेट में छिपाया गया 745 ग्राम ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (गांजा) बरामद किया गया।
* 4 मार्च को कोझिकोड एयरपोर्ट पर मस्कट से आए एक यात्री से 1.9 किलोग्राम क्रिस्टल मैथामफेटामाइन बरामद की गई। यह ड्रग खाने के पैकेटों में छुपा कर लाई गई थी। इसकी कीमत 3 करोड़ रुपए है।
देश के एयरपोर्ट्स के जरिए हो रही नशे और सोने की तस्करी को रोकने का काम मुख्य तौर पर कस्टम विभाग और सुरक्षा एजैंसियों का है। ये एजैंसियां कुछ हद तक इस काम में कामयाब भी हो रही हैं लेकिन जिस तरीके से विदेशों से आने वाले यात्री विमान तक नशे और सोना लाने में कामयाब हो रहे हैं उन्हें देखते हुए देश के सभी बड़े-छोटे हवाई अड्डों पर सुरक्षा और निगरानी तंत्र और कड़ा करने की जरूरत है। इसके साथ ही नशा तस्करों को पकडऩे वाले सुरक्षा बलों और कस्टम अधिकारियों को विशेष तौर पर पुरस्कार व सम्मान दिया जाना चाहिए ताकि इस तरह के मामले ज्यादा से ज्यादा पकड़े जा सकें और इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लग सके।-विजय कुमार
