‘अपराधियों के बढ़ते हौसले’ ‘अब कर रहे पुलिस पर हमले’

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 03:27 AM (IST)

देश में अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं और अब तो आपराधिक तत्वों ने ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों पर दिन-दिहाड़े हमले करने भी शुरू कर दिए हैं जिसकी पिछले 3 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं : 

* 22 फरवरी को गुरदासपुर (पंजाब) के सरहदी कस्बे ‘दोरांगला’ के गांव ‘आदिया’ में एक पुलिस चौकी पर तैनात ए.एस.आई. ‘गुरनाम सिंह’ और होमगार्ड जवान ‘अशोक कुमार’ की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। इस सिलसिले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और दूसरे की मुठभेड़ में मौत हो गई। 
* 30 अप्रैल को ‘मिर्जापुर’ (उत्तर प्रदेश) में कुछ दबंगों ने पुलिस चौकी में घुस कर दारोगा ‘मनोज राय’ की वर्दी फाड़ दी और उसका बैज नोचने के अलावा उसका मोबाइल भी छीन कर तोड़ दिया। 
यही नहीं, दबंगों ने हैड कांस्टेबल ‘कमलेश पासवान’ को घसीट-घसीट कर बुरी तरह पीटा जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। इस संबंध में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। 

* 7 मई को ‘भुवनेश्वर’ (ओडिशा) में उग्र भीड़ ने कांस्टेबल ‘सौम्य रंजन स्वैन’ तथा उसके साथी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। 
* 13 मई को ‘बलिया’ (उत्तर प्रदेश) में कुछ अपराधियों को पकडऩे गई पुलिस की टीम पर कुछ महिलाओं और पुरुषों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया जिसके परिणामस्वरूप कई पुलिस कर्मी और अधिकारी घायल हो गए। 
* 18 मई को ‘रीवा’ (मध्य प्रदेश) में थाना ‘रामनगर’ के पुलिस थाने के अंतर्गत ‘गडरिया’ में  कुछ ही समय पूर्व तबदील होकर आए कांस्टेबल ‘राकेश कुमार पटेल’ की कुछ लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी। 
* 22 मई को ‘करनाल’ (हरियाणा) के ‘कर्ण विहार’ में मारपीट की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम पर बदमाशों ने हमला करके एक कर्मचारी की वर्दी फाड़ दी।
बदमाशों ने दिलबाग नामक एक अन्य कर्मचारी को कमरे में बंद करके उसका मोबाइल भी छीन लिया और तेजधार सुएनुमा हथियार से उसकी कमर पर कई वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने डंडे से सरकारी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। इस सिलसिले में एक आरोपी को डिटेन किया गया है।

* 24 मई को ‘फतेहपुर’ (उत्तर प्रदेश) में एक केस की जांच करने पहुंची पुलिस टीम में शामिल महिला दारोगा ‘रिंकी वर्मा’ तथा हैड कांस्टेबल पर अराजक तत्वों ने हमला करके दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सिलसिले में पुलिस ने 7 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
* 24 मई को ही ‘रामपुर’ (उत्तर प्रदेश) के गांव ‘असवां’ में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस की टीम पर अवैध कब्जाधारियों ने लाठी, डंडे, ईंट, पत्थर आदि से हमला करके  3 पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। इस सिलसिले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ‘ऋषभ यादव’ को गिरफ्तार करने के अलावा अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
* और अब 24 मई को ही तड़के ‘मजीठा’ (पंजाब) के निकट ‘अमृतसर-फतेहगढ़ चूडिय़ां’ रोड पर पंजाब पुलिस में तैनात थानेदार ‘जोगा सिंह’ की अज्ञात हमलावरों ने उस समय गोली मार कर हत्या कर दी जब वह अपने स्कूटर पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। पुलिस कर्मियों पर हमलों की उक्त घटनाओं से स्पष्ट है कि आपराधिक तत्वों के हौसले किस कदर बढ़ते जा रहे हैं, जिन पर नकेल कसने के लिए ऐसे मामलों की जांच तेज करने और अपराधियों को तुरंत कठोरतम दंड देने की जरूरत है ताकि इस गलत रुझान पर रोक लग सके। यदि ऐसा न किया गया तो पुलिस छोटे-मोटे मामलों में दखल देना ही बंद कर देगी जिससे अंतत: आम लोगों की ही हानि होगी।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News