भाजपा से जुड़े लोगों में बढ़ रही अनुशासनहीनता

Tuesday, Jun 16, 2020 - 10:39 AM (IST)

अनुशासित कार्यकत्र्ता किसी भी राजनीतिक दल की शक्ति होते हैं परंतु पिछले कुछ समय से हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े कुछ लोगों की ऐसी करतूतें सामने आ रही हैं जो पार्टी की आलोचना का कारण बन रही हैं। 24 मई को करनाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रकाश कथूरिया को हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने कथित अनैतिक गतिविधियों के आरोप में 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया है। बताया जाता है कि वह चंडीगढ़ के सैक्टर 63 में अपनी कार पार्किंग में खड़ी करके अपनी एक महिला मित्र से मिलने आया करते थे। पुलिस जांच के अनुसार घटना के दिन भी वह महिला मित्र के साथ फ्लैट में मौजूद थे कि तभी महिला का परिचित वहां आ गया तो कथूरिया तीसरी मंजिल से बालकनी में कपड़ा बांध कर नीचे उतरने की कोशिश में घायल हो गए थे।

उन्हें इलाज के लिए पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया परंतु वह वहां से फोॢटस अस्पताल जाते हुए रास्ते में ही गायब हो गए। फिर 5 जून को हरियाणा भाजपा की नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट द्वारा हिसार में मार्कीट कमेटी के सचिव सुल्तान सिंह को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने पर बवाल मच गया जिस पर हरियाणा की बिनैन खाप पंचायत ने सोनाली को गिरफ्तार करने के लिए प्रशासन को 21 जून तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि ऐसा न करने पर 22 जून से गांव सच्चा खेड़ा में आंदोलन स्वरूप धरना शुरू कर दिया जाएगा। 13 जून को अम्बाला में पुलिस ने भाजपा के अम्बाला जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल के बेटे अमित और उसके साथी को 60 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

इससे जहां प्रदेश में नशे के कारोबार पर नकेल डालने के भाजपा सरकार के दावों पर प्रश्नचिन्ह लग गया है, वहीं अम्बाला भाजपा अध्यक्ष विरोधी दलों के निशाने पर आ गए हैं और उनके त्यागपत्र की मांग की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले गत वर्ष भी अमित मार्च में 30 ग्राम हैरोइन के साथ डेराबस्सी में पकड़ा गया था। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा के अनुसार, प्रदेश भाजपा के नेताओं में कानून तोडऩे की होड़ सी लगी हुई है। इस गलत रुझान पर रोक लगाने के लिए किसी का निलंबन ही काफी नहीं है बल्कि दोषी को तत्काल दंड और पीड़ित को न्याय दिलाने की आवश्यकता है ताकि दूसरों को भी नसीहत मिले और पार्टी में वह अनुशासन कायम रहे जिसका पार्टी दावा करती है।    —विजय कुमार  

Advertising