विदेशों में नौकरी के लिए जरा सोच-समझ कर आवेदन करें

Saturday, Dec 16, 2023 - 04:48 AM (IST)

विदेश मंत्रालय ने रोजगार के लिए विदेश जाने के इच्छुकों के लिए जारी एडवाइजरी में उन्हें सतर्क रहने और नौकरी के लिए गैर पंजीकृत भर्ती एजैंटों की फर्जी पेशकश के झांसे में नहीं आने की चेतावनी दी है। गैर पंजीकृत भर्ती एजैंसियों की ऐसी गतिविधियां माइग्रेशन एक्ट-1983 का उल्लंघन एवं मानव तस्करी के अनुरूप तथा दंडनीय अपराध है। मंत्रालय के अनुसार विदेश में नौकरी चाहने वालों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिन्हें गैर पंजीकृत भर्ती एजैंट नौकरी की फर्जी पेशकश द्वारा  लुभाकर उनसे 2 से 5 लाख रुपए तक की ठगी मार लेते हैं। 

मंत्रालय ने कहा, ‘‘कई अवैध भर्ती एजैंट फेसबुक, व्हाट्सएप, टैक्स्ट मैसेज आदि माध्यमों से काम करते हैं। ये अपने ठिकानों और संपर्कों के बारे में बहुत कम या कोई जानकारी नहीं देते, इसलिए इनके काम करने के स्थान और पहचान तथा इनकी पेशकश की सच्चाई का पता लगाना कठिन होता है। अत: लोगों को पंजीकृत भर्ती एजैंटों की सेवाएं ही लेनी चाहिएं।’’ एडवाइजरी के अनुसार फर्जी भर्ती एजैंट श्रमिकों को कठिन और जीवन के लिए खतरनाक परिस्थितियों में काम करने के लिए भी लुभाते हैं। कई पूर्वी यूरोपीय देशों, खाड़ी के देशों, मध्य एशियाई देशों, इसराईल, म्यांमार आदि में भर्ती के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। 

विदेश मंत्रालय के अनुसार एक वैध नौकरी कांट्रैक्ट में स्थानीय भर्ती एजैंट और दूसरे देश में नौकरी देने वाले नियोक्ता दोनों के हस्ताक्षर, रोजगार एग्रीमैंट में पेश की जाने वाली नौकरी के नियमों, शर्तों और वेतन आदि अन्य बातों का उल्लेख होना चाहिए। एडवाइजरी के अनुसार सभी पंजीकृत भर्ती एजैंटों को एक लाइसैंस नम्बर जारी किया जाता है, जो उनके कार्यालय और समाचारपत्रों तथा सोशल मीडिया सहित उनके विज्ञापनों में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाता है। विदेश मंत्रालय की उक्त एडवाइजरी काफी उपयोगी है, जिसका पालन करके विदेशों में रोजगार चाहने वाले अवांछित भर्ती एजैंटों द्वारा ठगे जाने से बच सकते हैं।—विजय कुमार

Advertising