दूसरी बार मां बनने जा रहीं हैं चेल्सी क्लिंटन

Tuesday, Dec 22, 2015 - 02:52 PM (IST)

वाशिंगटन: अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख दावेदार हिलेरी क्लिंटन की इकलौती संतान चेल्सी क्लिंटन दूसरी बार मां बनने जा रही हैं।  35 वर्षीय चेल्सी क्लिंटन ने खुद ही ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।   
 
उन्होंने लिखा कि आने वाली गर्मियों में, शेर्लोट बड़ी बहन बनने जा रही है। इस छुट्टी के मौसम में खुशनसीब महसूस कर रही हूं। उन्होंने इस खबर की घोषणा के साथ एक वर्ष की अपनी पहली संतान शेर्लोट की तस्वीर भी साझा की जिसमें वह एक किताब को देख रही है और उस किताब पर लिखा हुआ है, बड़ी बहनें सबसे अच्छी होती हैं।   
 
बच्चे का जन्म अमरीका के राष्ट्रपति पद के चुनाव की गहमागहमी के बीच में ही होगा और चेल्सी की मां हिलेरी क्लिंटन के अगली गर्मियों तक नवंबर के चुनाव के लिए अपनी पार्टी की प्रमुख उम्मीदवार बनने की उम्मीद है।  चेल्सी की शादी मार्क मेजविन्सकी से हुई है। चेल्सी ने लिखा कि शेर्लोट के माता-पिता होना हमारे जीवन की सबसे बड़ी खुशी, सार्थकता और प्यारा अनुभव है। और हम नये वर्ष में अपने परिवार के बढऩे को लेकर बहुत उत्साहित हैं। बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी ने जल्दी ही दूसरी बार नाना नानी बनने की खबर को लेकर ट्विटर पर अपनी खुशी जाहिर की।   
 
बिल क्लिंटन ने ट्वीट किया, क्रिसमस जल्दी आ गया है। हिलेरी क्लिंटन और मैं 2016 में चेल्सी, मार्क और शेर्लोट के परिवार में नए मेहमान के आने की खबरों को लेकर बहुत खुश हैं। इसके बाद जल्द ही, हिलेरी क्लिंटन ने ट्वीट किया, तुम्हारे पापा और मैं, तुम्हारे, मार्क और शेर्लोट के लिए इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते। हम दूसरे बच्चे से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं।
 
Advertising