हिंदू साम्राज्य दिवस पर केंद्रित आलेख

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2020 - 04:08 PM (IST)

सदियों की गुलामी ने हिंदू समाज के मनोबल को भीतर तक तोड़ दिया था| पराधीन एवं पराजित हिंदू समाज को मुक्ति का कोई उपाय नहीं सूझ रहा था| मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और लोकरक्षक श्रीकृष्ण जैसे सार्वकालिक महानायकों का आदर्श सम्मुख होने के बावजूद वर्तमान दुरावस्था ने उन्हें हताशा और निराशा के गर्त्त में धकेल दिया था| बहुसंख्यक समाज के अंतर्मन में संघर्ष और विजय की कामना पलती थी पर परकीय शासन की भयावहता और क्रूरता उन्हें चुप्पी साध लेने को विवश करती थी| देश में मुसलमानों का राज्य प्रतिष्ठित हो जाने के पश्चात हिंदू जनता के हृदय में गौरव, उत्साह और विजिगीषा के लिए कोई अवकाश शेष नहीं था| उसके सामने ही उसके देवमंदिर गिराए जाते थे, देवमूर्त्तियाँ तोड़ी जाती थीं और पूज्य पुरुषों का अपमान किया जाता था| धीरे-धीरे एक ऐसा भी दौर आया जब लोगों ने अपने स्वाभिमान और स्वत्व को विस्मृत कर 'दिल्लीश्वरो जगदीश्वरोवा'' की धारणा को सत्य मानना प्रारंभ कर दिया| बड़े-बड़े गुणी और सामर्थ्यवान लोग परकीय सत्ता के गुणगान करने में अपना अहोभाग्य मानने लगे|

निराशा और हताशा के घटाटोप अंधकार भरे परिवेश में भारतीय नभाकाश पर शिवाजी जैसे तेजोद्दीप्त सूर्य का उदय हुआ| शिवाजी का उदय केवल एक व्यक्ति का उदय मात्र नहीं था, बल्कि वह जातियों के उत्साह और पुरुषार्थ का उदय था, गौरव और स्वाभिमान का उदय था, स्वराज, सुराज, स्वधर्म व सुशासन का उदय था और इन सबसे अधिक वह आदर्श राजा के जीवंत और मूर्त्तिमान प्रेरणा-पुरुष का उदय था| उनका राज्याभिषेक केवल किसी व्यक्ति विशेष के सिंहासन पर बैठने की घटना भर नहीं थी| बल्कि वह समाज और राष्ट्र की भावी दिशा तय करने वाली एक युगांतकारी घटना थी| वह सदियों की सोई हुई चेतना को झकझोर कर जागृत करने वाली घटना थी| शिवाजी महाराज केवल एक व्यक्ति नहीं थे, वे एक सोच थे, वे एक विचार थे, वे एक पथ-प्रदर्शक क्रांतिकारी मशाल थे, वे एक युगप्रवर्तक शिल्पकार थे| 

उनका राज्याभिषेक उनके सुदीर्घ चिंतन और प्रत्यक्ष अनुभव का परिणाम था| वह उनके अथक प्रयासों और अभिनव प्रयोगों की सार्थक परिणति थी| सदियों से पराधीन जाति की सुषुप्त चेतना व स्वत्व को जगाने का यह उनका असाधारण व सुविचारित प्रयास था| पृथ्वीराज चौहान के बाद से हिंदू जाति तुर्कों/मुगलों के निरंतर आधीन रही| ऐसे में शिवाजी ने पहले समाज के भीतर आत्मविश्वास जगाया| उन्हें संगठित किया| छोटे-छोटे कामगारों-कृषकों मेहनतकश जातियों, जुझारू मावलों को एकत्रित किया| उनमें विजिगीषु वृत्ति भरी| उनमें यह विश्वास भरा कि आदिलशाही-कुतबशाही-मुग़लिया सल्तनत कोई आसमानी ताकत से संचालित ताक़त नहीं है| ये सत्ताएँ अपराजेय नहीं हैं| अपितु थोड़ी-सी सूझ-बूझ, रणनीतिक कौशल, साहस, सामर्थ्य और संगठन से उन्हें हराया जा सकता है| न केवल हराया जा सकता है, अपितु प्रजाजनों की इच्छा के अनुरूप एक धर्माधारित-प्रजापालक राजकीय सत्ता और राज्य भी स्थापित किया जा सकता है| उन्होंने छोटे-छोटे किलों को जीतकर पहले अपने सैनिकों का मनोबल बढ़ाया| और तत्पश्चात उन्होंने बड़े-बड़े किले जीतकर अपना राज्य-विस्तार तो किया ही; आदिलशाही, कुतबशाही, अफ़ज़ल खां, शाइस्ता खां, मिर्जा राजा जयसिंह आदि प्रतिपक्षियों और उनकी विशाल सेना से ज़बरदस्त मोर्चा भी लिया| कभी हारे तो बहुधा जीते| कभी संधि और समझौते किए| जब ज़रूरत पड़ी पीछे हटे, रुके, ठहरे, शक्ति संचित किया और पुनः वार किया| उन्होंने हठधर्मिता और कोरी आदर्शवादिता के स्थान पर ठोस व्यावहारिकता का पथ चुना| व्यावहारिकता को चुनते समय न निजी जीवन के उच्चादर्शों एवं मूल्यों को कभी ताक पर  रखा, न ही प्रजा के हितों और समय की माँग की उपेक्षा की|  वस्तुतः उनका लक्ष्य राष्ट्र और धर्म रक्षार्थ विजय केवल विजय रहा| और अंततः इसमें वे सफ़ल रहे| वे एक प्रकार से मुग़लिया सल्तनत के ताबूत की आख़िरी कील साबित हुए| यदि औरंगज़ेब दक्षिण में मराठाओं से न उलझता तो मुग़लिया सल्तनत का इतनी ज़ल्दी अंत न होता| कल्पना कीजिए कि शिवाजी का नेतृत्व-कौशल, सैन्य-व्यूह और संगठन-शिल्प कितना सुदृढ़ रहा होगा कि उनके जाने के बाद भी मराठे मुगलों से अनवरत लड़ते रहे, झुके नहीं| उन्होंने न केवल कथन से अपितु अपने प्रत्यक्ष आचरण से उनमें कितना शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान भर दिया होगा!

न केवल मराठों में बल्कि शिवाजी महाराज की सफलता को देखकर अन्य भारतीय राजाओं में भी स्वतंत्रता की अलख जगी| वे भी पराधीनता की बेड़ियाँ उतार फेंकने को उद्धत हो गए| दक्षिण से लेकर उत्तर तक, राजस्थान से लेकर असम तक स्वाधीनता के प्रयास तीव्र हो गए| उनसे प्रेरणा पाकर राजस्थान में वीर दुर्गादास राठौड़ के नेतृत्व में सब राजपूत राजाओं ने मुगलों-तुर्कों के विरुद्ध ऐसा आक्रमण छेड़ा कि दुबारा उन्हें राजस्थान में पाँव रखने की हिम्मत नहीं हुई| वीर छत्रसाल ने अलग रणभेरी बजा दी और स्वधर्म पर आधारित स्वशासन की स्थापना की| असम के राजा चक्रध्वज सिंह ने घोषणा की कि ''हमें शिवाजी जैसी नीति अपनाकर ब्रह्मपुत्र के तट पर स्थित राज्यों में मुगलों के क़दम नहीं पड़ने देना चाहिए|'' कूच-बिहार के राजा रूद्र सिंह ने कहा कि ''हमें शिवाजी के रास्ते पर चलते हुए इन पाखंडियों को बंगाल के समुद्र में डुबो देना चाहिए|'' दिल्लीश्वर के दरबार की शोभा बढ़ाने की बजाय कवि भूषण ने अपनी संस्कृति, अपने धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष एवं पराक्रम की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले वीर शिरोमणि महाराज शिवाजी पर ''शिवा बावनी'' लिखी| उन्होंने औरंगज़ेब की चाकरी को लात मार दी| उन्होंने भरे दरबार में कहा- '' कवि बेचा नहीं जाता| जो उज्ज्वल चरित्र और स्तुति योग्य है, उसी की स्तुति करता है| तुम स्तुति के लायक नहीं हो|'' शिवाजी महाराज के जीवन का उद्देश्य ही यही था| उन्होंने अपने उद्यम व पुरुषार्थ से संपूर्ण देश में सांस्कृतिक चेतना का संचार किया| उनके व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व को केवल महाराष्ट्र और उनके काल तक सीमित करना उनके साथ सरासर अन्याय होगा| यह निरपवाद सत्य है कि उन्होंने अपने समय और समाज की चेतना को तो झंकृत किया ही, आने वाली पीढ़ियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के लिए भी वे ऊर्जा और प्रेरणा के सबसे दिव्य एवं प्रखर प्रकाशपुंज बने| पश्चिम के पास यदि ऐसा कोई योद्धा नायक होता तो वे उसे कला, सिनेमा, साहित्य के माध्यम से दुनिया भर में प्रचारित, प्रसारित एवं प्रतिष्ठित कर महानता के शिखर पर आरूढ़ करते| परंतु भारत में लोकमानस ने तो छत्रपति शिवाजी को सिर-माथे धारण किया पर कतिपय इतिहासकारों ने उन्हें पहाड़ी चूहा, चौथ व लगान वसूलने वाला लुटेरा सामंत सिद्ध करने की कुत्सित चेष्टा की| वे उन्हें केवल एक मामूली मराठा सरदार सिद्ध करने की लगातार कुचेष्टा करते रहे| पर तेजोद्दीप्त सूर्य को चंद बादल-गुच्छ भला कब तक रोक सका है, कब तक रोक सकेगा!

शिवाजी नौसेना के जनक थे| वे पहले आधुनिक शासक थे जिसने चतुरंगिनी सैन्य-बल का गठन किया था| उन्होंने शास्त्रों के साथ-साथ शस्त्रों की महत्ता समझी थी| उसके निर्माण के कल-कारखाने स्थापित किए थे| धर्मांतरितों की घर वापसी को कदाचित उन्होंने ही सर्वप्रथम मान्यता दिलवाई| उनका अष्टप्रधान बेजोड़ मंत्रीमंडल और शासन-तंत्र का उदाहरण था| पेशवा का चलन वंशवादी दौर में योग्यता का सम्मान था| अपनों को भी दंड देकर उन्होंने न्याय का उच्चादर्श रखा| जो जितने ऊँचे पद पर है, उसके लिए उतना बड़ा दंड-विधान जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने की उनकी अनूठी शैली थी| साहस, निष्ठा व प्रतिभा को पुरस्कृत करने का अनेकानेक दृष्टांत उन्होंने प्रस्तुत किया| विधर्मी आक्रांताओं को जहाँ उन्होंने अपने कोपभाजन का शिकार बनाया वहीं अ-हिन्दू प्रजाजनों के प्रति वे उतने ही सदाशय, सहिष्णु एवं उदार रहे|

62 के युद्ध में वीरता वृत्ति के स्थान पर तत्कालीन सरकार ने जो पलायन वृत्ति दिखाई थी, उसके परिणामस्वरूप चीन आए दिन हमें आँखें दिखाता रहता है| पड़ोसी पाकिस्तान सदैव क्षद्म युद्ध छेड़े रहता है| देश के समक्ष अंतर्बाह्य तमाम चुनौतियाँ सिर उठाए खड़ी रहती है|  ऐसे में कई बार निराशावादी स्वरों को सुन-सुनकर उत्साही-पुरुषार्थी जन भी हतोत्साहित हों उठते हैं| उनका भी मनोबल टूटने लगता है| ऐसे सभी निरुत्साही-उत्साही जनों को सन 1674 में ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी को हुए  महाराजाधिराज छत्रपति शिवाजी के राज्याभिषेक का गौरवशाली चित्र अपने मन-मानस में सदैव धारण करना चाहिए| अतीत का यह दिव्य एवं तेजस्वी चित्र वर्तमान का पथ प्रशस्त कर स्वर्णिम भविष्य की सुदृढ़ नींव रखेगा|

(प्रणय कुमार)
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Author

Riya bawa

Recommended News