ट्रिपल जंप में महेश्वरी व लांग जंप में अंकित से उम्मीद

punjabkesari.in Saturday, Aug 13, 2016 - 08:24 AM (IST)

जालन्धर: ब्राजील के शहर रियो डि जनेरियो में 5 से 21 अगस्त तक होने वाले ओलिम्पिक खेलों में ट्रिपल जंप और लांग जंप स्पर्धा में भारत का 1-1 खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेगा।
 
रियो ओलंपिक: अंकित,श्रावणी और अनस को ओलंपिक टिकट
 
 
इस दोनों स्पर्धाओं में कोई भी महिला खिलाड़ी क्वालीफाई नहीं कर सकी है। ट्रिपल जंप स्पर्धा में 30 वर्षीय रंजीत महेश्वरी भारत की अगुवाई करेंगे वहीं लांग जंप स्पर्धा में अंकित शर्मा के कंधों पर जिम्मेदारी रहेगी। ट्रिपल जंप स्पर्धा में महेश्वरी 15 अगस्त को मैदान में उतरेंगे। महेश्वरी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17.30 मीटर की छलांग है। यह रिकार्ड उन्होंने 11 जुलाई 2016 को बेंगलूर में हुए इंडीया ग्रां.प्री. में बनाया था। 
 
महेश्वरी से पदक की उम्मीद भी इसलिए की जा सकती है क्योंकि यह उनका तीसरा ओलिम्पिक है। इससे पहले उन्होंने 2008 बीजिंग ओलिम्पिक और 2012 लंदन ओलिम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। महेश्वरी ने 2007 में अम्मान में हुई एशियन चैम्पियनशिप में और 2012 में एशियन ग्रां.प्री. में स्वर्ण पदक जीता था।
 
 
लांग जंप में भारतीय चुनौती का भार अंकित शर्मा के कंधों पर रहेगा। उनके नाम 8.19 मीटर का जंप लगाकर राष्ट्रीय रिकार्ड है जो उन्होंने जून 2016 को अस्ताना मीट में स्थापित किया था। अंकित शर्मा 12 अगस्त को मैदान पर उतरेंगे। उत्तर प्रदेश के इस खिलाड़ी ने 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लिया था लेकिन पदक नहीं जीत पाया था। 2016 में हुई दक्षिण एशियाई खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। अंकित शर्मा दक्षिण एशियाई खेलों के प्रदर्शन को एक बार फिर दोहराना चाहेंगे जिससे ओलिम्पिक में भारत को इस स्पर्धा में पदक मिल सके।
 
 
 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News