भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को 6-2 से रौंदा

punjabkesari.in Friday, Oct 20, 2017 - 09:10 AM (IST)

ढाका: भारतीय हॉकी टीम ने दिवाली के दिन गोलों की आतिशबाजी करते हुए मलेशिया को गुरुवार को एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में 6-2 के बड़े अंतर से रौंद दिया।  भारत ने पहले हाफ में 3-0 की बढ़त बना ली थी। 

भारत ने दोनों हाफ में 3-3 गोल दागे। भारत ने मैच में एक समय 5-0 की बढ़त बना ली थी। भारत ने इस जीत से टूर्नामेंट में अपना अपराजेय अभियान बरकरार रखा। भारत ने पिछले मैच में गत चैंपियन कोरिया के साथ आखिरी सेकंडों के गोल से 1-1 का ड्रा खेला था लेकिन इस मैच में उसने मलेशिया का धुआं निकल कर फाइनल के लिए अपनी दावेदारी पुख्ता कर ली।  

भारत की इस धमाकेदार जीत में आकाशदीप सिंह ने 14 वें, हरमनप्रीत सिंह ने 19 वें , एस उथप्पा ने 24 वें , गुरजंत सिंह ने 33 वें , एस वी सुनील ने 40 वें और सरदार सिंह ने 60 वें मिनट में गोल किए। मलेशिया की तरफ से रेजी रहीम ने 50 वें और रमादान रोसली ने 59 वें मिनट में गोल किये।  भारत का सुपर 4 में आखिरी मुकाबला पाकिस्तान से शनिवार को होगा जिसे भारत ने पूल में 3-1 से हराया था।  सुपर 4 के एक अन्य मैच में पाकिस्तान और कोरिया ने 1-1 का ड्रा खेला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News