एयरपोर्ट में सक्रिय सोने के तस्कर, लेकिन तस्करों के मंसूबे हो रहे ढेर

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2018 - 10:29 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : इंटरनैशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से अंतराष्ट्रीय फ्लाइट्स शुरू होने के बाद से सोने की तस्करी करने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। हालांकि कस्टम विभाग तथा डी.आर.आई. के अथक प्रयास तस्करों को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने दे रहे हैं। 

 

यदि आंकड़ों की बात की जाए तो 25 दिसंबर, 2016 से अभी तक 18 से अधिक तस्कर गिरफ्तार हो चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारत से 20 फीसदी कम दाम पर दुबई और बैंकाक में सोना मिलता है। ऐसे में सोने की तस्करी भी कस्टम विभाग तथा डी.आर.आई. के लिए सिरदर्द बनी हुई है। 

 

दुबई और बैंकॉक की फ्लाइट्स से दबोचे तस्कर : 
15 सितंबर, 2016 को एयर इंडिया ने शारजाह के लिए फ्लाइट शुरू की थी। वहीं इंडिगो ने दुबई के लिए फ्लाइट का संचालन किया है। 11 दिसंबर, 2017 को एयर इंडिया ने बैंकाक के लिए फ्लाइट शुरू की। इन्हीं दुबई और बैंकाक की फ्लाइट्स से सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।

 

तस्करों ने कस्टम ड्यूटी अदा नहीं की थी। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक सोने की तस्करी दुबई और बैंकॉक से हो रही है। अधिकतर तस्कर पंजाब, दिल्ली के पकड़े गए हैं। 

 

यह है नियम : 
सोने पर 36 प्रतिशत सीमा शुल्क लगता है। महिला यात्री को 3.5 तोला सोना लाने की इजाजत है। यह सोना एक लाख से अधिक कीमत का नहीं होना चाहिए। अगर यात्री पुरुष है तो उसे 1.8 तोले सोना लाने की छूट है। उसके पास 50 हजार से अधिक की कीमत का सोना नहीं होना चाहिए।

 

अब तक पकड़ा जा चुका है करोड़ों का सोना : 
कस्टम के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर 8 दिसंबर को 80 लाख रुपए का सोना जब्त किया था। व्यक्ति दिल्ली का रहने वाला था। वहीं मुम्बई निवासी मुनीष को 4 करोड़, 71 लाख के डायमंड व गोल्ड ज्वैलरी के साथ पकड़ा गया। दिसंबर में ही 22 लाख के सोने के साथ दिल्ली के युवक को सी.आई.एस.एफ . और पंजाब पुलिस ने चैकिंग के दौरान दबोचा था। 

 

अभी तक ये तस्कर आए शिकंजे में :
-12 जनवरी, 2018 को 30 लाख रुपए के सोने के साथ लुधियाना के एक व्यक्ति को काबू किया
-2 जनवरी, 2018 को 468 ग्राम सोने के साथ दिल्ली का अर्जुन खान पकड़ा गया। इसकी कीमत 13.5 लाख आंकी गई थी
-29 जनवरी, 2018 को 8.16 किलो सोना के साथ दिल्ली तथा अमृतसर के निवासी पकड़े गए, जिसकी कीमत 2.16 करोड़ थी 
17 दिसंबर, 2017 को एक किलो सोने के साथ एक युवक गिरफ्तार किया गया
8 दिसंबर, 2017 को 2.1 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार हुआ था युवक, 80 लाख की कीमत का सोना पकड़ा गया था 
-25 अक्तूबर, 2017 को 17 लाख की कीमत का 600 ग्राम सोना पकड़ा गया
-17 अक्तूबर, 2017 को 1.4 किलो गोल्ड बिस्किट के साथ जालंधर के युवक को गिरफ्तार किया था, जिसकी कीमत 31 लाख थी
-27 जुलाई, 2017 को 350 ग्राम सोना पकड़ा गया था, सोना 10 लाख का था
-13 जुलाई, 2017 को 15 लाख का 540 ग्राम सोना पकड़ा गया था 
-10 जुलाई, 2017 को 407 ग्राम सोना महाराष्ट्र के एक व्यक्ति से पकड़ा गया, इसकी कीमत 11 लाख रुपए थी 
-14 जून, 2017 को 840 ग्राम सोना दिल्ली निवासी से पकड़ा गया, जिसकी कीमत 23 लाख, 11 हजार रुपए थी 
-13 जून, 2017 को 121.5 ग्राम सोना बुलंद शहर के निवासी से पकड़ा गया, जिसकी कीमत 3 लाख 31 हजार रुपए थी 
-12 अप्रैल, 2017 को 465 ग्राम सोना तिलक नगर दिल्ली के युवक से मिला था, जिसकी कीमत 10.21 लाख रुपए थी 
-11 अप्रैल, 2017 को 583 ग्राम सोना महिला से पकड़ा, जिसकी कीमत 14 लाख रुपए थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News