फिलिपीन: प्रधानमंत्री ने IRRI को सौंपे धान की दो प्रजातियों के बीज

punjabkesari.in Monday, Nov 13, 2017 - 02:39 PM (IST)

लॉस बानोसः भारत ने फिलिपीन स्थिति वैश्विक चावल अनुसंधान केंद्र के जीन बैंक को आज धान की दो प्रजातियों के बीज सौंपे। बीज देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आई.आर.आर.आई. प्रमुख अनाज की खेती में सुधार करके गरीबी और भूखमरी को कम करने की दिशा में काम कर रहा है। आज लोस बानोस में अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (आई.आर.आर.आई.) पहुंचे प्रधानमंत्री ने वहां काम करने वाले भारतीय वैज्ञानिकों के साथ बातचीत की।

आई.आर.आर.आई. के वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री को बाढ़ का प्रकोप झेल लेने वाले चावल की किस्मों के बारे में बताया, जो कि 14 से 18 दिनों तक पानी में डूबे रहते हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 1-3 टन प्रति हेक्टेयर अधिक उपज प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा, आई.आर.आर.आई. में भारत की ओर से योगदान- आई.आर.आर.आई. के जीन बैंक को धान की दो प्रजातियों के बीज दिए। उन्होंने कहा, आई.आर.आर.आई. की मेरी यात्रा सीखने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण थी।

आई.आर.आर.आई. चावल की खेती में सुधार करके गरीबी और भूखमरी को कम करने की दिशा में काम कर रहा है। उनका काम एशिया और अफ्रीका के कई किसानों और उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाता है। मोदी यहां धान प्रयोगशाला (राइस फील्ड लैब) का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस प्रयोगशाला का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आई.आर.आर.आई. का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित कर रही है।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News