विदेशों में तेल, गैस ब्लाक से बाहर हुई रिलायंस

punjabkesari.in Sunday, Oct 15, 2017 - 02:46 PM (IST)

नई दिल्लीः रिलायंस इंडस्ट्रीज (आर.आई.एल.) ने म्यांमा में ब्लाकों को छोड़ दिया है। इसके साथ कंपनी विदेशों में स्थित अपने सभी परंपरागत तेल एवं गैस संपत्तियों से बाहर हो गयी है। दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे की घोषणा के बाद निवेशकों के लिए रखी गई बातों में आर.आई.एल. ने कहा, ‘‘म्यांमा स्थिति ब्लाक एम 17 और एम 18 को छोड़ दिया है। अध्ययन और अन्य तकनीकी आकलन के बाद यह कदम उठाया गया है।’’   इसके साथ कंपनी की विदेशों में कोई भी परंपरागत तेल एवं गैस संपत्ति नहीं बची है। उसकी केवल दो शैल गैस संपत्तियां अमरीका में हैं।  

इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने अमरीका में तीन शेल तेल एवं गैस ब्लाक में से एक को 12.6 करोड़ डालर में बेचा था। कंपनी को म्यामां में मार्च 2015 में ब्लाक आबंटित किये गये थे। दोनों ब्लाकों में उसके पास 96 प्रतिशत हिस्सेदारी थी जबकि शेष 4 प्रतिशत स्थानीय कंपनी के पास थी। आरआईएल के पास एक समय देश में 42 ब्लाक या फील्ड थे जो अब घटकर पांच पर आ गये हैं। ये पांचों परंपरागत तेल एवं गैस फील्ड हैं। इसके अलावा दो कोल बेड मिथेन (सीबीएम) ब्लाक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News