तेलंगाना में खेल दीर्घा गिरने से लगभग 50 लोग घायल

punjabkesari.in Monday, Mar 22, 2021 - 11:49 PM (IST)

हैदराबाद, 22 मार्च (भाषा) तेलंगाना के सूर्यपेठ जिले में एक कबड्डी टूर्नामेंट से पहले सोमवार को अस्थायी खेल दीर्घा गिरने से कम से कम 50 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से पांच या छह लोगों को फ्रैक्चर हुआ है। अन्य लोगों को लगी चोटों की गंभीरता का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने कहा कि लकड़ी और अन्य चीजों से बनी यह दीर्घा कमजोर निर्माण के कारण गिर गयी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सही कारणों के बारे में जांच के बाद ही पता चलेगा।

स्थानीय टीवी समाचार चैनलों ने इस घटना का वीडियो और लोगों के चोटिल होने का फुटेज प्रसारित किया है।

पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दीर्घा के गिरने के बाद कई दर्शक चल भी नहीं पा रहे थे और उन्हें एम्बुलेंस, पुलिस और अन्य वाहनों द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

सूर्यपेठ जिला पुलिस अधीक्षक आर भास्करन ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम गैलरी और अस्पताल दोनों जगहों पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।’’
यह दुर्घटना 47 वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप के शुरू होने से ठीक पहले हुई।
टूर्नामेंट का आयोजन तेलंगाना कबड्डी संघ और सूर्यपेठ जिला कबड्डी संघ के द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा था।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News