नीतीश कुमार के राजग छोड़ने से विपक्ष को मजबूती मिलेगी: द्रमुक

punjabkesari.in Tuesday, Aug 09, 2022 - 07:14 PM (IST)

चेन्नई, नौ अगस्त (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने मंगलवार को कहा कि उसके अध्यक्ष एम के स्टालिन के राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लड़ने के दृष्टिकोण को बिहार में नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर होने से गति मिली है।

द्रमुक के संगठन सचिव आर एस भारती ने कहा कि उनकी पार्टी के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने केंद्र में भाजपा का मुकाबला करने के लिए पिछले महीने हुए राष्ट्रपति चुनाव से काफी पहले विपक्षी दलों से हाथ मिलाने की जरुरत पर जोर दिया था।
भारती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा से लड़ने की उनकी पार्टी प्रमुख के दृष्टिकोण को अब गति मिली है और यह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले और अधिक जोर पकड़ेगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष के महागठबंधन का सर्वसम्मति से नेता घोषित किए जाने के बाद नयी सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए मंगलवार को राजग के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

द्रमुक नेता ने परोक्ष तौर पर संकेत दिया कि भाजपा विरोधी ताकतों की इस तरह की लामबंदी अंततः 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने में मदद करेगी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News