भाजपा के पदाधिकारी ने शतरंज ओलंपियाड के होर्डिंग पर लगाई मोदी की तस्वीर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 27, 2022 - 07:19 PM (IST)

चेन्नई, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने 28 जुलाई से शुरू होने वाले 44वें शतरंज ओलंपियाड के लिए तमिलनाडु सरकार के प्रचार अभियान के तहत यहां लगाए गए होर्डिंग पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगा दीं।


भाजपा के तमिलनाडु खेल एवं कौशल विकास प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमर प्रसाद रेड्डी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर होर्डिंग पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीरें लगा दीं।


उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पदाधिकारी ने द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक) शासन पर शतरंज प्रतियोगिता के होर्डिंग में मोदी की तस्वीर शामिल ना करने का आरोप लगाया और इसे ‘‘एक बहुत बड़ी गलती’’ करार दिया।


इसके बाद एक हिंदू संगठन के स्वयंसेवकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य में दूसरी जगहों पर भी होर्डिंग पर मोदी की तस्वीरें चिपका दीं। विरोध के तौर पर एक द्रविड़ संगठन के एक कार्यकर्ता ने यहां एक बस अड्डे में मोदी की तस्वीर पर स्याही पोत दी।


रेड्डी ने कहा कि ओलंपियाड राज्य स्तर की नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है।


उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘ यह द्रमुक पार्टी का कार्यक्रम नहीं है। यह एक सरकार प्रायोजित कार्यक्रम है। इस पर प्रधानमंत्री की तस्वीर होनी ही चाहिए थी।’’

उन्होंने अन्य पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और भाजपा के खेल एवं कौशल विकास प्रकोष्ठ के सदस्यों से भी उनकी ही तरह तमिलनाडु में लगे शतरंज ओलंपियाड से जुड़े सभी होर्डिंग पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीरें लगाने की अपील की।


रेड्डी से पूछा गया कि क्या उन्होंने होर्डिंग्स पर मोदी की तस्वीरें लगाने के लिए अधिकारियों से अनुमति ली थी, तो उन्होंने जवाब दिया, ''''प्रधानमंत्री की तस्वीर अभियान का हिस्सा होनी चाहिए या नहीं? प्रधानमंत्री मोदी जी का चित्र निश्चित रूप से प्रचार अभियान का हिस्सा होना चाहिए।''''

रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने होर्डिंग पर मोदी की तस्वीरें चिपकाने के लिये अधिकारियों से इजाजत नहीं ली है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार से होर्डिंग पर प्रधानमंत्री की तस्वीर लगा रहे हैं।


मामल्लापुरम में 28 जुलाई से 44वां शतरंज ओलंपियाड शुरू होने जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके आयोजन के लिए 92.13 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News