पुडुचेरी में गणतंत्र दिवस समारोह में उपराज्यपाल सौंदरराजन ने तिरंगा फहराया

punjabkesari.in Thursday, Jan 26, 2023 - 03:46 PM (IST)

पुडुचेरी, 26 जनवरी (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में बृहस्पतिवार को 74वां गणतंत्र दिवस मनाया और इस मौके पर उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने तिरंगा फहराया।

इस मौके पर केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री एन रंगासामी, उनके कैबिनेट सहयोगी, विधानसभा अध्यक्ष आर सेल्वम, विधायक, स्वतंत्रता सेनानियों और अधिकारी उपस्थित थे।

ध्वजारोहण के बाद उपराज्यपाल ने पुलिस के गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। उन्होंने बाद में, पुलिस कर्मियों को पदक और पुरस्कार प्रदान किए तथा परीक्षाओं में प्रभावशाली परिणाम देने वाले विभिन्न स्कूलों को शील्ड प्रदान किये।

विभिन्न सरकारी विभागों ने उनके द्वारा क्रियान्वित योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए झांकी प्रस्तुत की।

सौंदरराजन ने पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन कर्मियों और एनसीसी कैडेटों की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। उपराज्यपाल ने अपने संदेश में विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासन के प्रदर्शन पर प्रकाश डाला और कहा कि यह हमेशा लोगों के कल्याण के बारे में चिंतित रहता है।

उन्होंने कहा कि सरकार न केवल अर्थव्यवस्था बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने कोविड-19 की तीसरी लहर को संभाला और राष्ट्रीय औसत की तुलना में यहां मृत्यु दर न्यूनतम रही।’’
उन्होंने कहा कि देश ने दिसंबर 2022-नवंबर 2023 की अवधि के लिए जी20 की अध्यक्षता संभाली है। उन्होंने कहा कि देश भर में विभिन्न स्तरों पर विभिन्न बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

सुंदरराजन ने कहा, ‘‘ऐसी एक जी20 बैठक 30 जनवरी को यहां आयोजित होने वाली है जो न केवल केंद्र शासित प्रदेश के लिए एक गौरव है बल्कि इसने विश्व स्तर पर हमारी विरासत एवं सांस्कृतिक मूल्यों, कला एवं शिल्प और कारीगरों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक अवसर दिया है। हम इस अवसर का इस्तेमाल दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करने के वास्ते पुडुचेरी को एक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के लिए करेंगे।’’
बाद में, मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में तिरंगा फहराया, जहां विधानसभा अध्यक्ष और विधायक मौजूद थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News