एमसीडी चुनाव : जैन-सिसोदिया से जुड़े विधानसभा क्षेत्रों के वार्ड में भाजपा ने परचम लहराया

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 08:52 PM (IST)

नयी दिल्ली, सात दिसंबर (भाषा) दिल्ली नगर चुनाव (एमसीडी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मनीष सिसोदिया के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के चार वार्ड में से तीन और सत्येंद्र जैन के शकूर बस्ती निर्वाचन क्षेत्र में सभी तीन वार्ड में जीत दर्ज की।

पटपड़गंज दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का विधानसभा क्षेत्र और शकूरबस्ती, मंत्री सत्येंद्र जैन का क्षेत्र है। भाजपा ने चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं-सिसोदिया और जैन पर भ्रष्टाचार को लेकर लगातार हमले किए थे। जैन अभी जेल में हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने दिल्ली सरकार की अब समाप्त हो चुकी आबकारी नीति की जांच का आदेश दिया था जिसके बाद सिसोदिया से संबंधित स्थानों पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का छापा पड़ा था। भाजपा ने आरोप लगाया कि आप ने ‘‘रिश्वत प्राप्त करने’’ के लिए उत्पाद शुल्क नीति का इस्तेमाल किया था और कहा था कि नीति तैयार करने में ‘‘महत्वपूर्ण’’ भूमिका निभाने वाले सिसोदिया को कार्रवाई का सामना करना होगा।

सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में चार में से तीन वार्ड में भाजपा ने जीत दर्ज की है। पटपड़गंज वार्ड से भाजपा की रेणु चौधरी ने आप उम्मीदवार के खिलाफ 403 मतों से जीत दर्ज की जबकि विनोद नगर वार्ड से भाजपा के रविंदर सिंह नेगी ने आप के कुलदीप भंडारी को 2,311 मतों से हराया।
मंडावली में भाजपा उम्मीदवार शशि चंदना ने आप प्रत्याशी रीना तोमर को 186 मतों से हराया। आप केवल एक सीट मयूर विहार फेज दो पर जीत हासिल करने में सफल रही, जहां उसके उम्मीदवार देवेंद्र कुमार जीते।
भाजपा ने जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूर बस्ती में और भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए सभी तीन वार्ड- सरस्वती विहार, पश्चिम विहार और रानी बाग में जीत हासिल की।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News