हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनावों में लोगों की पहली पसंद होगी आप : केजरीवाल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 07:49 PM (IST)

नयी दिल्ली, 29 नवंबर (भाषा) हरियाणा में जिला परिषद चुनावों में अपने प्रदर्शन से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को भाजपा शासित राज्य में 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों में लोगों की “नंबर एक पसंद” के रूप में उभरने का संकल्प व्यक्त किया।


आप ने हरियाणा में जिला परिषद चुनावों में 100 से अधिक सीटों में से 15 सीटों पर जीत हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया है। इन सीटों पर उसके उम्मीदवारों ने पार्टी के चिन्ह पर चुनाव लड़ा था।


भारतीय जनता पार्टी ने 100 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 22 पर जीत हासिल हुई।

हरियाणा में जिला परिषद चुनाव के परिणाम रविवार को घोषित किए गए। इन चुनावों में इंडियन नेशनल लोकदल को सिरसा में 10 सीटों पर जीत के साथ कुछ बढ़त देखने को मिली। हालांकि, झज्जर, हिसार, रेवाड़ी और रोहतक सहित कई जिलों की अधिकांश सीटों पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की।


जिला परिषद चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “हम (हरियाणा) विधानसभा चुनाव में पहले स्थान पर आएंगे, लोगों की पहली पसंद बनेंगे।”

हरियाणा में 143 पंचायत समितियों और 22 जिला परिषदों के लिए तीन चरणों में चुनाव हुए। 3,081 सदस्यों वाली पंचायत समितियां अपने-अपने अध्यक्ष का चुनाव करेंगी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News