अनीस दयाल सिंह ने आईटीबीपी के महानिदेशक के तौर पर कार्यभार संभाला

punjabkesari.in Monday, Oct 03, 2022 - 09:40 PM (IST)

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर (भाषा) वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों अनीस दयाल सिंह और सुजय लाल थाओसेन ने सोमवार को क्रमश: भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नए महानिदेशक के तौर पर कार्यभार संभाला।

मणिपुर कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह को उनके बैचमेट थाओसेन ने औपचारिक बैटन हस्तांतरित किया। आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा को दिल्ली का पुलिस आयुक्त नियुक्त किए जाने के बाद अगस्त से थाओसेन के पास आईटीबीपी का अतिरिक्त प्रभार था। करीब 90 हजार जवानों और अधिकारियों वाला यह बल पहाड़ी युद्धकौशल में पारंगत है।


लोधी रोड स्थित आईटीबीपी मुख्यालय में प्रभार ग्रहण करने से पहले सिंह को गॉर्ड ऑफ ऑनर पेश किया गया और उसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने बल के अभियान और तैनाती के बारे में उन्हें प्रस्तुति दी।

मणिपुर कैडर से आने वाले सिंह आईटीबीपी के 32वें डीजी हैं और वह इससे पहले खुफिया ब्यूरो में विशेष निदेशक के तौर पर सेवा दे रहे थे जहां उन्होंने कई संवेदनशील मामले संभाले।


प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने एक अक्टूबर को सिंह की नियुक्ति का आदेश जारी किया था। सिंह दिसंबर 2024 में सेवानिवृत्त होंगे।

उसी आदेश के तहत थाओसेन को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया था। मध्य प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी एसएसबी के महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे जिनके पास आईटीबीपी का भी अतिरिक्त प्रभार था। वह नवंबर 2023 में सेवानिवृत्त होंगे।

स्पेशन प्रोटक्शन ग्रुप (एसपीजी) के पूर्व अधिकारी, थाओसेन को भी देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल के 37वें महानिदेशक के तौर पर कार्यभार संभालने से पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस बल में करीब 3.25 लाख कर्मी हैं।

सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार शाम से केंद्र शासित प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।


केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आदेश में सिंह को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह फैसला “नियमित अधिकारी की नियुक्ति और कार्यभार ग्रहण करने तक या अगले आदेश तक जो भी पहले हो”, जारी रहेगा।


एसएसबी पड़ोसी नेपाल और भूटान से लगने वाली भारत की सीमा की सुरक्षा का जिम्मा संभालती है।

आईटीबीपी भारत की चीन के साथ लगने वाली 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की निगरानी करने की मुख्य जिम्मेदारी के साथ देश के अंदर आंतरिक सुरक्षा संबंधी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करता है।




यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News