गुजरात में पहली लहर के दौरान हुई मौतें, कोविड-19 मौतों से बहुत अधिक:अध्ययन

punjabkesari.in Thursday, Aug 18, 2022 - 06:11 PM (IST)

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) गुजरात की 162 नगरपालिकाओं में से 90 में मार्च, 2020 से अप्रैल, 2021 तक अतिरिक्त मौतों की संख्या, उस अवधि की राज्य सरकार की आधिकारिक कोविड-19 मौतों से दो गुणी थी। एक अध्ययन में यह बात सामने आयी है।
अतिरिक्त मृत्युदर का मतलब प्रत्याशित मृत्युदर की तुलना में मृतकों की संख्या में वृद्धि होना है।
अमेरिका के हार्वर्ड टी एच चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ और अन्य सहयोगी निकायों के शोधकर्ताओं ने विभिन्न कारणों से हुई मौतों पर कोविड-19 महामारी के प्रभावों का आकलन करने के लिए गुजरात की 162 नगरपालिकाओं में 90 की नागरिक मृत्यु पंजिकाओं के आंकड़ों का इस्तेमाल किया।
पीएलओएस ग्लोबल पब्लिक हेल्थ नामक पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन में मार्च, 2020 से अप्रैल, 2021 तक इस महामारी के दौरान अधिक मौतों का आकलन किया गया है।

अध्ययन के लेखकों ने कहा, ‘ हमारा आकलन है कि इस अवधि में 90 नगरपालिकाओं में 21,300 अतिरिक्त मौतें हुईं जो प्रत्याशित आंकड़े (बेसलाइन) से 44 फीसद अधिक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन अधिक मौतों में अधिकतर मौतें ऐसी हैं जो किसी अन्य ज्ञात त्रासदी की अनुपस्थिति में कोविड-19 के कारण होने की प्रबल आशंका है।’’
शोधकर्ताओं ने कहा कि आधिकारिक आंकड़े के अनुसार इस अवधि में पूरे गुजरात में कोविड-19 के चलते 10,098 मौते हुईं।

उनका कहना है कि इन मौतों में महज कुछ ही ऐसी हैं जिनके बारे में कहा जा सकता है कि वे महामारी के परोक्ष प्रभाव तथा महामारी से असंबंधित कारणों से हुईं।
उनके अनुसार मौतों में सबसे अधिक वृद्धि अप्रैल, 2021 के आखिर में देखी गयी जब प्रत्याशित आंकड़े से 678 फीसद अधिक जानें गयीं।

अध्ययन में पाया गया कि अन्य उम्र वर्गों की अपेक्षा 40 से 65 साल के उम्र वर्ग में सबसे अधिक मौतें नजर आयीं।

अनुसंधानकर्ताओं का कहना है कि 2011 की जनगणना के अनुसार इन 90 नगरपालिकाओं में अत्यधिक मृत्युदर अनुमान जनसंख्या के कम से कम करीब आठ फीसद हिस्से को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह मई, 2021 में महामारी की डेल्टा लहर से काफी पहले ही पूरे गुजरात में कोविड-19 से मौतों के आधिकारिक आंकड़े से भी बहुत ज्यादा है।

वैसे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पहले ही ऐसे आकलनों (अनुमानों) और उसकी आकलन प्रविधि को चुनौती दे चुका है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News