त्रिशूर जेल के कैदी की हत्या के मामले में सीबीआई ने छह अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की

punjabkesari.in Wednesday, Aug 17, 2022 - 03:13 PM (IST)

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दो साल पहले त्रिशूर जेल में एक विचाराधीन कैदी की कथित हत्या के मामले में छह जेल अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

विचाराधीन कैदी शमीर को 2020 में मादक पदार्थों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सीबीआई ने प्रक्रिया के तहत दोबारा मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने केरल सरकार की सिफारिश पर पिछले साल मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।

राज्य पुलिस की अपराध शाखा ने त्रिशूर जेल के उप जेल अधिकारियों अरुण एम.एस. और सुभाष, सहायक जेल अधिकारियों विवेक टी.वी. और प्रादीश, सहायक जेल अधीक्षक अथुल के अलावा इरिंजलकुड़ा उपजेल के सहायक जेल अधिकारी रमेश एम.आर. को गिरफ्तार किया था।

अधिकारियों ने कहा कि त्रिशूर पुलिस ने 29 सितंबर, 2020 को मारिजुआना रखने के आरोप में एक दिहाड़ी मजदूर शमीर को उसकी पत्नी और दो दोस्तों के साथ एक कार से गिरफ्तार किया था।

कोविड-19 संबंधी बचाव नियमों के तहत इन सभी को पृथकवास में रखा गया था। जेल अधिकारियों द्वारा एक अक्टूबर, 2020 को शमीर को त्रिशुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय पुलिस की प्राथमिकी में शमीर की मौत को आत्महत्या दर्शाया गया था। अदालत के समक्ष दायर अपनी रिपोर्ट में अपराध शाखा ने छह अधिकारियों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने समेत अन्य धाराओं को जोड़ने की सिफारिश की थी।
परिवार ने आरोप लगाया था कि शमीर के शरीर पर चोट के कई निशान थे।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News