दिल्ली : परिसीमन कवायद नवंबर तक संपन्न होगी, सूत्रों ने कहा

punjabkesari.in Thursday, Aug 11, 2022 - 09:13 PM (IST)

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) परिसीमन समिति ने राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम के वार्ड बनाने के कार्य को तेज कर दिया है और कार्य के इस साल नवंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

परिसीमन कवायद के तहत, दिल्ली में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को निगम चुनाव से पहले कम से कम तीन वार्ड में विभाजित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार परिसीमन के बाद प्रत्येक वार्ड में अनुमानित जनसंख्या 65,000 से 67,000 के बीच रहने की संभावना है।

घटनाक्रम से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि पूरी कवायद में तेजी लाने के लिए नियमित बैठकें की जा रही हैं। सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘निगम वार्ड के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया अच्छी गति से जारी है। उम्मीद है कि यह कार्य नवंबर 2022 तक पूरा हो जाएगा। बेहतर परिणाम और प्रक्रिया को तेज करने के लिए हर हफ्ते कम से कम दो बैठकें आयोजित की जाती हैं।’’
उन्होंने कहा कि समिति नगर निगम के वार्ड के परिसीमन के लिए जियोस्पेटियल दिल्ली लिमिटेड (जीएसडीएल) द्वारा उपलब्ध कराए गए डिजिटल मानचित्रों का उपयोग कर रहा है और भौतिक सर्वेक्षण तभी किया जाएगा जब वार्ड और आबादी के बारे में कोई भ्रम हो।

पिछले महीने केंद्र द्वारा गठित समिति में तीन सदस्य हैं - दिल्ली के राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय देव, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह और दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रणधीर सहाय। देव को समिति का अध्यक्ष बनाया गया।

गृह मंत्रालय ने समिति को बताया है कि दिल्ली में केवल 250 वार्ड होंगे, जो पहले की व्यवस्था से 22 कम हैं। दिल्ली में तीन पूर्व नगर निगमों में 272 वार्ड शामिल थे। इनमें उत्तर और दक्षिण निगमों में प्रत्येक में 104 और पूर्व में 64 वार्ड थे।

जनगणना कार्य निदेशालय ने जनगणना 2011 के आंकड़ों के आधार पर आंकड़े उपलब्ध कराए हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर वार्ड का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। दिल्ली में परिसीमन आखिरी बार 2016 में किया गया था।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News