ठाकुर ने महाराजा रणजीत सिंह, बन्नू पान देई, उनके पति जनरल एलार्ड को फ्रांस में श्रद्धांजलि दी

punjabkesari.in Thursday, May 19, 2022 - 12:21 AM (IST)

नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने फ्रांस के सेंट ट्रोपेज बंदरगाह में महाराजा रणजीत सिंह, चंबा की राजकुमारी बन्नू पान देई और उनके पति जनरल जीन फ्रेंकोइस एलार्ड को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।

हिमाचल प्रदेश के रहने वाले ठाकुर ने सेंट ट्रोपेज में महाराजा रणजीत सिंह, चंबा की राजकुमारी और जनरल एलार्ड की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले सेंट ट्रोपेज की मेयर सिलवी सिरी ने ठाकुर का स्वागत किया।

जनरल एलार्ड ने महाराजा रणजीत सिंह की सेना में सेवाएं दी थीं और महाराजा की सेना की कमान संभाली थीं। महाराजा की सेना में ‘फौज-ए-खास’ गठित करने का श्रेय एलार्ड को जाता है।
पंजाब में रहते हुए एलार्ड को चंबा की राजकुमारी से प्रेम हो गया था और वे बन्नू पान देई से विवाह के बाद उनके साथ 1834 में सेंट ट्रोपेज आ गए थे। बाद में वह पंजाब लौट गए और संक्षिप्त बीमारी के बाद 1839 में उनका निधन हो गया था।

बन्नू पान देई ने ईसाई धर्म अपना लिया था और वह सेंट ट्रोपेज में एलार्ड द्वारा बनाए गए एक बड़े घर में रहीं। उनका 1884 में निधन हो गया। भारत-फ्रांस के मजबूत होते संबंधों के प्रतीक के रूप में 2016 में सेंट ट्रोपेज में महाराजा और बन्नू पान देई की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया था।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News