दिल्ली में सुबह छाया कोहरा, न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस

punjabkesari.in Thursday, Jan 20, 2022 - 11:50 AM (IST)

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह कोहरा छाने के कारण दृश्यता घटकर 400 मीटर हो गई। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में बृहस्पतिवार सुबह मध्यम कोहरे के साथ दृश्यता 400 मीटर दर्ज की गई। पालम वेधशाला में घने कोहरे के साथ दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। इस बीच, रेल अधिकारियों ने बताया कि कोहरा छाने की वजह से दिल्ली आ रहीं 10 से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंची।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को दिल्ली में मध्यम कोहरा छाया। अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।’’ आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत रहा।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 368 दर्ज किया गया। पड़ोसी शहर, गाजियाबाद में एक्यूआई 366, गुरुग्राम में 318, ग्रेटर नोएडा में 333 तथा नोएडा में 345 दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। वहीं, फरीदाबाद में एक्यूआई 416 दर्ज किए जाने के साथ ही वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही।

शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ''अच्छा'', 51 और 100 के बीच ''संतोषजनक'', 101 और 200 के बीच ''मध्यम'', 201 और 300 के बीच ''खराब'', 301 और 400 के बीच ''बहुत खराब'' तथा 401 और 500 के बीच ''गंभीर'' श्रेणी में माना जाता है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News