शिअद ने चार्टर्ड उड़ान से दिल्ली जाने के लिए चन्नी व कांग्रेस नेताओं की आलोचना की

punjabkesari.in Wednesday, Sep 22, 2021 - 10:22 AM (IST)

चंडीगढ़, 21 सितंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के "आम आदमी सरकार" के दावे पर निशाना साधते हुए शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को उनके और दो उपमुख्यमंत्रियों द्वारा दिल्ली जाने के लिए ‘चार्टर्ड’ उड़ान के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाया।

सूत्रों के मुताबिक, राज्य की नयी मंत्रिपरिषद के संबंध में केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए चन्नी, दोनों उपमुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को ‘चार्टर्ड’ उड़ान से दिल्ली रवाना हुए।

शिअद ने एक ट्वीट में कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, "यह कहने के बाद कि वे आम आदमी के साथ खड़े हैं, कांग्रेस नेता चंडीगढ़ से दिल्ली तक सिर्फ 250 किलोमीटर दूरी तक की यात्रा के लिए निजी विमान लेते हैं। क्या कोई सामान्य उड़ान या कार नहीं हैं जिनका इस्तेमाल किया जा सके? ... या यह दिखावा गांधी परिवार की दिल्ली दरबार संस्कृति के प्रचार के उद्देश्य से है ?"
पार्टी सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव हरीश रावत और अन्य नेताओं से कैबिनेट विस्तार पर चर्चा करने की उम्मीद है।
इस बीच सिद्धू ने अपनी एक फोटो ट्विटर पर पोस्ट की जिसमें वह चन्नी और उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ एक ‘चार्टर्ड’ प्लेन के पास दिख रहे हैं। सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘‘कर्तव्य पालन के क्रम में!!’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News