दिवंगत पूर्व सदस्य वसीम अहमद के साथ साथ अनिरुद्ध जगन्नाथ, केनेथ कोंडा को रास ने दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Tuesday, Jul 27, 2021 - 12:36 PM (IST)

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) राज्यसभा में मंगलवार को एक दिवंगत पूर्व सदस्य वसीम अहमद तथा मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ और जाम्बिया के प्रथम राष्‍ट्रपति तथा संस्‍थापक डॉक्‍टर केनेथ कोंडा को श्रद्धांजलि दी गई।

सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने पूर्व सदस्य वसीम अहमद का जिक्र करते हुए बताया कि उनका 26 अप्रैल 2021 को 69 साल की उम्र में निधन हो गया। सभापति ने बताया कि मार्च 1952 में एटा में जन्मे अहमद छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़ गए थे। पेशे से सिविल इंजीनियर अहमद समाज सेवा से भी जुड़े थे। उन्होंने उच्च सदन में नवंबर 1996 से जुलाई 1998 तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

सभापति ने कहा कि भारत के एक अभिन्न मित्र, मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ का 91 साल की उम्र में तीन जून 2021 को निधन हो गया। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध जगन्नाथ एक कद्दावर नेता होने के साथ साथ भारत के बहुत अच्छे मित्र थे जिनकी दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध बनाने में अहम भूमिका थी।

जाम्बिया के प्रथम राष्‍ट्रपति तथा डॉक्‍टर केनेथ कोंडा का जिक्र करते हुए सभापति ने कहा कि आधुनिक जाम्बिया के संस्थापक कोंडा ने 17 जून 2021 को 97 साल की उम्र में अंतिम श्वांस ली। उन्होंने कहा कि दिग्गज अफ्रीकी नेता कोंडा समर्पित गांधीवादी थे जिन्होंने अपने देश को वैश्विक समुदाय में स्थापित करने के लिए अथक प्रयास किए। भारत के साथ गहरा रिश्ता रखने वाले कोंडा जाम्बिया के पहले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति थे।

सभापति ने कहा कि वह अपनी ओर से तथा पूरे सदन की ओर से इन हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News