मोदी ने तोक्यो ओलंपिक की शुरुआत पर जापान, प्रधानमंत्री सुगा को बधाई दी

punjabkesari.in Friday, Jul 23, 2021 - 08:26 PM (IST)

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तोक्यो ओलंपिक के सफल आयोजन की कामना करते हुए जापान और वहां के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा को बधाई दी और उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता में विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अतुलनीय प्रदर्शन करेंगे।

कोविड-19 महामारी के चलते एक साल के लिए स्थगित की गई तोक्यो ओलंपिक की आज से जापान में शुरुआत हो गई।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा और जापान को तोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए बहुमत सारी शुभकामनाएं। विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के अतुलनीय प्रदर्शन की हम सत्र में आशा करते हैं।’’
बाद में मोदी ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह उद्घाटन समारोह देखते और भारतीय दल के खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की मुद्रा में दिख रहे हैं।

उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘आइए, सभी मिलकर ‘चीयर फॉर इंडिया’ करें। तोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह की कुछ झलकियां देखी। हम अपने करिश्माई दल को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हैं।’’
इस बार भारतीय ओलंपिक दल में 127 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 56 महिला खिलाड़ी हैं। ओलंपिक में शामिल होने वाला भारत का यह अब तक का सबसे बड़ा दल है।

गौरतलब है कि ओलंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लंदन ओलंपिक 2012 में था, जब भारतीयों ने छह पदक जीते थे, हालांकि उनमें एक भी स्वर्ण पदक शामिल नहीं था।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News