जितेंद्र सिंह ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का कार्यभार संभाला

punjabkesari.in Thursday, Jul 08, 2021 - 08:52 PM (IST)

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के साथ साथ पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का भी कार्यभार संभाल लिया।

केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार को किए गए बड़े फेरबदल एवं विस्तार में उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था।
इस अवसर पर वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के महानिदेशक शेखर मांडे द्वारा कोविड-19 को नियंत्रित करने को लेकर उठाए गए कदम पर प्रस्तुति दी गई।
मांडे ने कहा कि महामारी के शुरुआत से ही सीएसआईआर विभिन्न उपायों और उत्पादों के जरिये देश में कोविड-19 को रोकने के लिए काम कर रहा है जो मुख्यत: पांच बिंदुओं - जांच, निगरानी, दवा और टीका, उपकरण और पीपीई और आपूर्ति श्रृंखला एवं रणनीति- पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि जांच के क्षेत्र में सीएसआईआर ने जांच किट ‘फेलुदा’ का विकास किया।’’
सिंह ने सुबह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का कार्यभार संभाला। इसके बाद वह पृथ्वी भवन गए और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के मंत्री का कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का कार्यभार संभाला। मेरा प्रयास प्रख्यात वैज्ञानिक बिरादरी के साथ मिलकर भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं को नयी ऊंचाई पर ले जाने और लोगों के जीवन को आसान बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को साकार करना होगा।’’
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, जैव प्रौद्योगिकी विभाग और सीएसआईआर आता है।
सिंह ने जनता को विभिन्न पहलुओं खासतौर पर मौसम पूर्वानुमान से अवगत कराने में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने पूरे देश के किसानों की मौसम पूर्वानुमान के वैज्ञानिक विश्लेषण से बहुत अधिक सहायता की है। सिंह ने रेखांकित किया कि भारत द्वारा विशेष मौसम पूर्वानुमान प्रौद्योगिकी का विकास किया गया है और उसका इस्तेमाल किया जा रहा है जिसकी पूरी दुनिया में प्रशंसा हो रही है और कई देश इसका अनुसरण कर रहे हैं।
सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘दूसरे मंत्रालय पृथ्वी विज्ञान में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का कार्यभार संभाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा सामूहिक लक्ष्य पृथ्वी विज्ञान की प्रौद्योगिकी का दोहन कृषि गतिविधियों की मदद और नीली अर्थव्यवस्था की रूपरेखा तैयार करना होना चाहिए।’’
इसके बाद मंत्री ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से संक्षिप्त बातचीत की और आह्वान किया कि उन वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए जिससे आम लोगों को खासतौर पर किसानों को लाभ हो।
हालांकि, ये दोनों मंत्रालय सिंह के लिए नए नहीं हैं क्योंकि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने कुछ समय तक इन दोनों मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था।
सिंह प्रधानमंत्री कार्यालय में परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष विभाग के संवेदनशील विभाग का प्रभार भी संभालते हैं। वह राज्य मंत्री हैं। वह कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय में राज्य मंत्री भी हैं।

गौरतलब है कि प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 मंत्रियों को हटा दिया था जबकि 36 नए सदस्यों को सरकार में जगह दी थी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News