टीकाकरण की यही गति रही तो जनवरी, 2024 तक चलेगा कार्यक्रम: कांग्रेस

punjabkesari.in Wednesday, Jun 16, 2021 - 10:10 PM (IST)

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अगर पिछले छह महीने की गति से ही कोरोना रोधी टीकाकरण चलता रहा तो देश के करीब 100 करोड़ वयस्क नागरिकों को टीका लगाने का काम जनवरी, 2024 तक ही पूरा हो पाएगा।

मुख्य विपक्षी दल ने सवाल किया कि क्या देश इतने लंबे समय तक इंतजार करने का जोखिम मोल ले सकता है?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘जून के पहले पखवाड़े में रोजाना कोविड रोधी टीके की औसतन 29 लाख खुराक दी गई। अगले कुछ हफ्ते में इसमें तीन गुने की बढ़ोतरी होनी चाहिए। इसके बाद ही हम दिसंबर, 2021 तक देश के कम से कम 100 करोड़ लोगों (75 फीसदी आबादी) का पूरी तरह टीकाकरण कर पाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने इसका साप्ताहिक खाका पेश नहीं किया कि टीकाकरण के इस लक्ष्य को कैसे हासिल किया जाएगा।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया, ‘‘टीकाकरण को लेकर पिछले छह महीनों में स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के ‘व्यापक कुप्रबंधन’ के कारण सिर्फ 3.51 फीसदी आबादी का टीकाकरण हो पाया है। पिछले छह महीनों के दौरान रोजाना औसतन 17.23 लाख लोगों को टीका लगा।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘इस गति से देश के 94.50 करोड़ वयस्क लोगों को टीका लगाने में 944 दिन और लगेंगे। इसका मतलब यह टीकाकरण 16 जनवरी, 2024 तक चलेगा।’’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को संबोधित ट्वीट में सुरजेवाला ने यह भी कहा, ‘‘क्या भारत इतने समय तक इंतजार करने का जोखिम मोल ले सकता है? आप तीसरी लहर से कैसे निपटेंगे? विपक्ष को गाली देने की बजाय इसकी योजना तैयार करिए।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News