भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की पहली सूची, श्रेयसी सिंह को जमुई से बनाया उम्मीदवार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2020 - 11:02 PM (IST)

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने पांच महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

पार्टी ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली निशानेबाज श्रेयसी सिंह को जमुई विधानसभा से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वह रविवार को भाजपा में शामिल हुई थीं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री व समाजवादी नेता दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं।

राज्य सरकार में कृषि मंत्री प्रेम कुमार को पार्टी ने फिर से गया शहर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 1990 में उन्होंने इस सीट पर पहली बार जीत हासिल की थी। उसके बाद से वह लगातार यहां से चुनाव जीतते आ रहे हैं।

पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि रविवार को जे पी नड्डा की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्यों ने इस बैठक में हिस्सा लिया था।

इससे पहले, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में मंगलवार को सीटों का बंटवारा हो गया। इसके तहत भाजपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि जद(यू) के हिस्से में 122 सीटें आईं । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पटना में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की गई।

जद(यू) ने अपने हिस्से की 122 सीटों में से सात सीटें हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) को दी है जबकि भाजपा अपने कोटे से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को कुछ सीटें देगी।

बहरहाल, पार्टी ने कहलगांव विधानसभा सीट से पवन कुमार यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में यह सीट लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के हिस्से में गई थी। लोजपा ने यहां से नीरज कुमार मंडल को अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के हाथों पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

ज्ञात हो कि लोजपा, जद (यू) से मतभेदों को लेकर इस बार बिहार में राजग से अलग होकर अकेले चुनाव मैदान में है। लोजपा नेता चिराग पासवान लगातार नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे हैं।

भाजपा ने लोजपा को झटका देते हुए आज स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार बिहार में राजग के नेता हैं और गठबंधन उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा।
बांका विधानसभा से पार्टी ने वर्तमान विधायक राम नारायण मंडल पर भरोसा जताया है जबकि कटोरिया, मुंगेर और बाढ़ विधानसभा सीटों पर पार्टी ने पिछला चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों पर दांव आजमाया है। कटोरिया से निक्की हेंब्रम और मुंगेर से प्रणव कुमार यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। बाढ़ से इस बार भी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
इसी प्रकार पिछला चुनाव हारने वाले अमरेंद्र प्रताप सिंह को एक बार फिर आरा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। रामगढ़ से अशोक सिंह पर फिर से विश्वास जताते हुए पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। वह पिछले चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अंबिका सिंह से 8000 से अधिक मतों से पराजित हुए थे।

पार्टी ने मोहनिया से नरिंजन राम को एक बार फिर अपना उम्मीदवार बनाया है। पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस के संजय कुमार के हाथों 7744 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

पार्टी द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक लखीसराय से विधायक विजय कुमार सिन्हा को फिर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसी प्रकार चैनपुर विधानसभा से पिछला चुनाव जीतने वाले बृज किशोर बिंद को टिकट दिया है।

भभुआ से पिछला उपचुनाव जीतने वाली रिंकी रानी पांडे को पार्टी ने फिर से उम्मीदवार बनाया है। वह पिछला विधानसभा चुनाव जीतने वाले भाजपा नेता आनंद भूषण पांडे की पत्नी हैं। आनंद भूषण पांडे के असामयिक निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव हुआ था।

ब्रिक्रम विधानसभा सीट से पार्टी ने अतुल कुमार को, बड़हरा से राघवेंद्र प्रताप सिंह, तरारी से कौशल कुमार सिंह, शाहपुर से मुन्नी देवी, डिहरी से सत्यनारायण सिंह यादव, काराकाट से राजेश्वर राज, गोह से मनोज कुमार शर्मा, औरंगाबाद से रामाधार सिंह, गुरुआ से राजीव नंदन दांगी, बोधगया से हरि मांझी, वजीरगंज से वीरेंद्र सिंह, रजौली से कन्हैया कुमार रजवार, हिसुआ से अनिल सिंह और वारसलीगंज से अरुणा देवी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News