दिल्ली : घायल अवस्था में मिली महिला ने पुलिस उप निरीक्षक पर गोली मारे जाने का आरोप लगाया

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2020 - 12:51 AM (IST)

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में जीटी करनाल रोड पर घायल अवस्था में पड़ी महिला ने अपने एक मित्र पर उसे गोली मारने का आरोप लगाया है। आरोपी दिल्ली पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान संदीप दहिया (36) के रूप में हुई जो लाहौरी गेट थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।

उन्होंने कहा कि शाहबाद डेरी पुलिस थाने में तैनात उप निरीक्षक जयवीर ने जीटी करनाल रोड पर स्थित साईं मंदिर के पास से गुजरने के दौरान घायल अवस्था में पड़ी महिला को देखा।

पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने कहा कि जयवीर महिला को अस्पताल लेकर गए। महिला ने रास्ते में उन्हें बताया कि दहिया ने गोली मारी है।

पुलिस ने कहा कि पिछले एक साल से महिला और आरोपी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

उपायुक्त ने कहा कि किसी बात पर झगड़ा होने पर दहिया ने कथित तौर पर महिला को गोली मार दी।

उन्होंने कहा कि महिला की हालत स्थिर है।

शर्मा ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News