भारत में कोविड-19 के 61,537 नये मामले, 933 मरीजों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2020 - 06:28 PM (IST)

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) भारत में कोविड-19 के एक दिन में 61,537 नये मामले आने के साथ ही शनिवार को संक्रमण के कुल मामले 20,88,611 हो गये ,जबकि अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित 14,27,005 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 68.32 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक के आंकड़े के अनुसार 933 और लोगों के दम तोड़ने से मृतकों की संख्या 42,518 हो गई है।

मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी कोविड-19 के 6,19,088 मरीज उपचाररत हैं जो संक्रमण के कुल मामलों का 29.64 प्रतिशत है। इस बीमारी से मृत्युदर और घटकर 2.04 रह गयी है।

यह लगातार 10वां दिन है जब कोविड-19 के एक दिन में 50,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।

एक दिन में वैश्विक महामारी के 61,537 नए मामले आने से संक्रमण के मामले 20,88,611 पर पहुंच गए हैं।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, शुक्रवार को 5,98,778 नमूनों की जांच की गई। अब तक कुल 2,33,87,171 लोगों की कोविड-19 के लिए जांच की जा चुकी है।

जिन और 933 मरीजों की मौत हुई उनमें 300 महाराष्ट्र से, 119 तमिलनाडु से, 101 कर्नाटक से, आंध्र प्रदेश से 89, उत्तर प्रदेश से 63, पश्चिम बंगाल से 52, दिल्ली से 23, पंजाब और गुजरात से 22-22, मध्य प्रदेश से 16, उत्तराखंड और तेलंगाना से 14-14, जम्मू-कश्मीर से 13, ओडिशा से 12, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से 10-10 मरीज थे।

इसके अलावा नौ मौत हरियाणा में जबकि बिहार, असम और झारखंड में छह-छह, केरल और पुडुचेरी में पांच-पांच, गोवा में चार, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में तीन जबकि नगालैंड और त्रिपुरा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

अब तक हुए कुल 42,518 मौतों में से, महाराष्ट्र में सबसे अधिक 17,092 मौत हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 4,690, दिल्ली में 4,082, कर्नाटक में 2,998, गुजरात में 2,605, उत्तर प्रदेश में 1,981, पश्चिम बंगाल में 1,954, आंध्र प्रदेश में 1,842 और मध्य प्रदेश में 962 मौत हुई है।

अब तक राजस्थान में कोविड-19 से 767 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद तेलंगाना में 615, पंजाब में 539, हरियाणा में 467, जम्मू-कश्मीर में 449, बिहार में 369, ओडिशा में 247, झारखंड में 151, असम में 132, उत्तराखंड में 112 और केरल में 102 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है।

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस से 87 लोगों की मौत हुई है जबकि पुडुचेरी में 75, गोवा में 70, त्रिपुरा में 37, चंडीगढ़ में 23, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 19, हिमाचल प्रदेश में 14, लद्दाख में नौ और मणिपुर में 10, नगालैंड में सात, मेघालय में पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव में दो और सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 70 प्रतिशत से अधिक मौत अन्य बीमारियों की जटिलताओं के चलते हुई हैं।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ हमारे आंकड़े का आईसीएमआर के आंकड़े से मिलान किया जा रहा है। ’’
उसने कहा कि राज्यवार आंकड़ों का और सत्यपान एवं मिलान होना है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News