नाबालिग लड़की और आरोपी पटियाला में मिले, युवक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2020 - 04:45 PM (IST)

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके में एक नाबालिग लड़की के लापता होने के कुछ दिन बाद एक युवक को अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी को उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया और लड़की को भी वहां से बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी एक मजदूर है और नरेला में उसी इलाके में रहता है जहां 14वर्षीय किशोरी का परिवार रहता है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी 14जून को लापता हो गई थी जिसके बाद उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी भी अपने घर से गायब है।
पुलिस उपायुक्त(बाहरी दिल्ली) गौरव शर्मा ने बताया कि तकनीकी सर्विलांस किया गया और आरोपी को पटियाला में ढूंढ निकाला गया जहां वह अपने रिश्तेदार के घर ठहरा हुआ था।

उन्होंने बताया कि लापता हुई लड़की भी उसी घर में मिली।

उन्होंने बताया कि लड़की ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया जिसके बाद मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो की धाराओं को जोड़ दिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस और दोनों परिवारों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों के बीच कोई संबंध था। पुलिस का कहना है कि लड़की के नाबालिग होने और लड़के के अलग जाति का होने के कारण लड़की के परिजन में काफी रोष है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News