हरियाणा में दो महीने बाद अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू हुईं

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2020 - 08:01 PM (IST)

चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन के चलते दो महीने से अधिक समय तक निलंबित रहने के बाद हरियाणा में अंतरराज्यीय बस सेवाएं फिर शुरू हो गई हैं।


एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र के दिशानिर्देशों के तहत छूट की सीमाएं बढ़ाए जाने के साथ बुधवार को कुछ मार्गों पर अंतरराज्यीय बस सेवाएं फिर शुरू हो गईं। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तक अधिकतर मार्गों पर सेवाएं बहाल हो जाएंगी।


दिल्ली को छोड़कर हरियाणा रोडवेज की बसें उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के लिए बसें चलेंगी। महानगर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली ने अपनी सीमाएं एक हफ्ते तक सील रखने के आदेश दिए हैं।


राज्य परिवहन विभाग के महानिदेशक वीरेन्द्र दहिया ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दिल्ली को छोड़कर हमने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। हमने विभिन्न डिपो को ब्यौरा भेज दिया है और आज हमने कुछ बसों का परिचालन किया, शेष बसें कल से चलेंगी।’’

हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के लिए हर बस में केवल 30 सीटों की बुकिंग की जाएगी।


हरियाणा रोडवेज ने मार्च में लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद पहली बार 15 मई से राज्य के अंदर बस सेवाएं शुरू कर दी थीं।


अंतरराज्यीय यात्रा करने वाले यात्रियों को अपना पहचान पत्र और टिकट साथ रखना होगा। इसके अलावा बस के कर्मचारियों और यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा।


एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कर्मियों और यात्रियों में कोविड-19 के लक्षण नहीं हों।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News