रोनाल्डो और मेसी से बेहतर है छेत्री का स्ट्राइक रेट

punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2017 - 12:15 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय फुटबाल टीम के करिश्माई कप्तान सुनील छेत्री विश्व भर में वर्तमान सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक अंतरराष्टीय गोल करने वालों में चौथे स्थान पर काबिज हो गए हैं।  छेत्री ने बेंगलुरू में 13 जून को खेले गए 2019 एशिया कप क्वालीफायर मैच में भारत की किर्गीस्तान पर 1-0 से जीत के दौरान अपना 54वां अंतरराष्टीय गोल किया था। इससे उन्होंने इंग्लैंड के स्टाइकर वायने रूनी (119 मैचों में 53 गोल) को पीछे छोड़ा। छेत्री ने अब तक 94 मैच खेले हैं।   

3 अगस्त को 33 साल के होने वाले छेत्री अभी पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो (139 मैचों, 73 गोल), अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (118 मैचों में 58 गोल) और अमेरिका के क्लाइंट डेम्पसे (134 मैचों में 56 गोल) से पीछे हैं।   छेत्री का स्टाइक रेट रोनाल्डो, मेसी, डेम्पसे और रूनी से बेहतर है। उनका प्रति मैच गोल दर 0.57 है जबकि रोनाल्डो का 0.525, मेसी का 0.42 और रूनी का 0.45 है।  केवल ब्राजील सुपरस्टार नेमार जूनियर (0.68), मालदीव के अली अशफाक (0.68) और बोस्निया के एडिन जेको (0.63) का स्टाइक रेट ही छेत्री से बेहतर है।  

अंतरराष्टीय स्तर पर सर्वकालिक गोल स्कोररों में छेत्री शीर्ष 30 में शामिल हैं और जब वे संन्यास लेंगे तक उनके शीर्ष 20 में शामिल होने की पूरी संभावना है। उनके अभी दो साल तक टीम में बने रहने की संभावना है। उन्होंने भारत के क्वालीफाई करने की दशा में संयुक्त अरब अमीरात में 2019 में होने वाले एशियाई कप में खेलने की इच्छा व्यक्त की है।  

 छेत्री इसके अलावा 100 अंतरराष्टीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने से छह मैच दूर हैं। इससे वह पूर्व भारतीय कप्तान बाईचुंग भूटिया (109 मैच) के बाद यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। छेत्री ने 2013 में भूटिया के भारत की तरफ से सर्वाधिक अंतरराष्टीय गोल करने के भारतीय रिकार्ड (43 गोल) तोड़ा था।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News