पंजाब की राजनीति में शून्य साबित होगा कैप्टन, बीजेपी और ढींडसा का नापाक गठजोड़ : मान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 29, 2021 - 09:33 PM (IST)

चंडीगढ़,  (रमनजीत सिंह) आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष भगवंत मान ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, शिअद (यूनाइटेड) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींडसा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन को राजनीतिक अवसरवाद बताते हुए कहा कि जनता की अदालत इन अवसरवादियों को सबक सिखाएगी। मान ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब की राजनीति में जीरो सबित होगा। भाजपा पंजाब में शून्य है और शून्य में कितना भी शून्य जोड़ दिया जाए, नतीजा शून्य ही रहेगा।

बुधवार को जारी एक बयान में मान ने कहा, "जो हो रहा है अच्छा हो रहा है, और जो होगा, वह अच्छा ही होगा क्योंकि पंजाब के लोग अवसरवादी और स्वार्थी नेताओं के दिन-प्रतिदिन उतरते मुखौटों को करीब से देख रहे हैं। 

मान ने बीजेपी, कैप्टन और ढींडसा गुट पर तंज कसते हुए कहा, ''अब जब उनका पुराना नापाक गठबंधन सामने आ गया है, तो बादल वाला शून्य भी अपने शून्य में जोड़ लें, लेकिन नतीजा फिर भी शून्य ही होगा।" मान ने कहा कि कैप्टन पंजाब के लोगों को बताएं कि वे उन्हें वोट क्यों दें। पंजाब की जनता तो उल्टे यह पूछने को तैयार बैठी है कि कैप्टन 2017 के जनमत के आदेश की ऐसी तैसी कर अपने शाही फार्महाउस से साढ़े चार साल तक बाहर क्यों नहीं आए। कैप्टन अमरिंदर सिंह वोट मांगना तो दूर अब वे पंजाब के लोगों को मुंह दिखाने लायक भी नहीं हैं।


ढींडसा पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि पंजाब के लोग अखबारों और मीडिया में सुखदेव ढींडसा, कैप्टन और अमित शाह की साथ वाली तस्वीरें देखकर हैरान नहीं हुए, क्योंकि ढींडसा को मोदी सरकार द्वारा विशेष रूप से दिया गया 'पद्म श्री' पंजाब की जनता को याद है। बल्कि यह चर्चा फिर से शुरू हो गई है कि सुखदेव सिंह ढींडसा को बादलों की जगह केंद्र में मंत्रीपद मिल सकता है, क्योंकि ढींडसा के माध्यम से भाजपा पंथक राजनीति और पंथक संस्थाओं पर सीधा नियंत्रण हासिल करने की फिराक में है। लेकिन पंजाब की जनता भाजपा, कैप्टन और ढींडसा की राजनीति का हमेशा के लिए सफाया कर देगी। 


भाजपा को राजनीतिक शार्क बताते हुए मान ने कहा कि आज भाजपा देश के संविधान, लोकतंत्र और भाईचारे के साथ-साथ राजनीतिक मूल्यों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गई है। लेकिन सौभाग्य की बात है कि पंजाब की जनता हमेशा भाजपा के घातक शासन से सतर्क रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Ramanjit Singh

Recommended News

Related News