भांजे ने मामी के साथ मिलकर की मामा की हत्या

punjabkesari.in Wednesday, Feb 20, 2019 - 01:29 PM (IST)

तोशाम(भारद्वाज): गांव झांवरी के एक युवक द्वारा अपनी मामी के साथ मिलकर अपने मामा को मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। तोशाम पुलिस ने मृतक की बहन सुमित्रा देवी की शिकायत पर आरोपित मंदीप और मृतक की पत्नी नवीन देवी के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार लेघां भानान की एक महिला नवीन देवी ने अपने पति रामेहर के गुमशुदा होने का मामला 1 फरवरी को कैरू चौकी पुलिस में दर्ज करवाया था। मृतक की पत्नी ने बताया कि था कि उसका पति गत 30 दिसम्बर को सुबह 10 बजे भिवानी कोर्ट में किसी काम के लिए गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था लेकिन बाद में मृतक की बहन सुमित्रा देवी ने आरोप लगाया था कि मंदीप व मृतक की पत्नी नवीन देवी ने उसके भाई की हत्या की है। पुलिस ने मृतक की बहन के बयान पर 17 फरवरी को मृतक के भांजे मंदीप व मृतक की पत्नी नवीन देवी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।

मृतक अपने बच्चों के साथ खेत में रहता था। उसका भांजा मंदीप भी लेघां भानान में जाता रहता था। खेत में लगभग 40-45 फुट गहरा कुआं बना हुआ था। दोनों आरोपितों ने पहले रामेहर की हत्या की और उसके बाद शव को कुएं में डालकर उसे मिट्टी से भर दिया। पुलिस ने आरोपित युवक से पूछताछ की तो उसने शव को कुएं में डालने की बात कही। पुलिस आरोपित की निशानदेही पर  मंगलवार को लेघां भानान में मृतक के खेत में पहुंची और कुएं से शव को निकालने के लिए 2 जे.सी.बी. की सहायता से खुदाई शुरू कर दी। 

समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा शव को ढूंढने का काम जारी था। कुएं की गहराई अधिक होने के कारण शव को शाम तक नहीं ढूंढा जा सका। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर शव की तलाश जारी है। 2 जे.सी.बी. की सहायता से शव को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। कुएं की गहराई ज्यादा होने के कारण शव को ढूंढने में परेशानी आ रही है। शव मिलने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static