पहाड़ों पर हिमपात शुरू, शिमला सहित 5 जिलों में हिमखंड गिरने की चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Feb 14, 2019 - 10:39 PM (IST)

पालमपुर (मुनीष दीक्षित): हिमाचल प्रदेश में फिर मौसम ने करवट बदली है। वीरवार सुबह से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश व ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। जिला चम्बा, कुल्लू, किन्नौर व शिमला के ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी हुई है। मनाली के नेहरूकुंड इलाके तक बर्फबारी पहुंच गई है, ऐसे में यदि रात भर मौसम खराब रहता है तो सुबह तक मनाली शहर में भी बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी दोपहर बाद से बारिश हो रही है।

15 फरवरी को भारी बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने वीरवार को शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चम्बा व सिरमौर जिलों में हिमखंड गिरने की चेतावनी भी जारी की है। इन इलाकों में कुछ स्थानों में हिमखंड गिरने की सूचनाएं हैं लेकिन वीरवार शाम तक नुक्सान की कोई रिपोर्ट नहीं आई है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में 15 फरवरी को भारी बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इस दौरान सिरमौर, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन व चम्बा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।

19 फरवरी तक खराब रह सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 19 फरवरी तक मौसम खराब रह सकता है। चम्बा जिला के ऊंचाई वाले स्थानों में भी बर्फबारी का दौर जारी है। हालांकि भरमौर व होली आदि में वीरवार को बर्फबारी नहीं हुई है। बर्फबारी व बारिश से प्रदेश में फिर शीतलहर चल रही है। बारिश व बर्फबारी के कारण प्रदेश में अब तक 241 सड़कें भी बंद हैं। चम्बा जिला के कई गांवों में बिजली अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। यहां विभाग को बर्फबारी से अभी तक करीब 12 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है।

तीसा, भरमौर व सलूणी के कई गांवों में ब्लैकआऊट

चम्बा जिला के तीसा, भरमौर व सलूणी उपमंडल में बारिश व बर्फबारी से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण कई गांवों में विद्युत आपूर्ति अभी तक ठप्प है। कांगड़ा में वीरवार को मौसम खराब रहने से हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। वीरवार को सुबह स्पाइस जैट की ही फ्लाइट गग्गल में आ पाई जबकि एयर इंडिया की फ्लाइट मौसम खराब होने के कारण यहां लैंडिंग नहीं कर पाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News