नई पीढ़ी के लिए ‘आदर्श’ बनकर उभरे नरेन्द्र मोदी

punjabkesari.in Thursday, Jan 17, 2019 - 05:28 AM (IST)

हमारे देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी का जन्म 17 सितम्बर 1950 को हुआ। वह भारत के 15वें प्रधानमंत्री हैं तथा इस पद पर आसीन होने वाले स्वतंत्र भारत में जन्मे प्रथम व्यक्ति हैं। उनके कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ा और 282 सीटें जीतकर अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की। उनके विकास कार्यों के लिए गुजरात की जनता ने उन्हें लगातार 2001 से 2014 तक 4 बार मुख्यमंत्री चुना। मोदी जी एक लोकप्रिय वक्ता हैं, जिन्हें सुनने के लिए लाखों लोग उनकी रैलियों में पहुंचते हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी का नाम हमारे देश के बच्चे से लेकर बूढ़े व्यक्ति के दिलो-दिमाग पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं विदेशों में भी लोग मोदी जी के प्रशंसक हैं व वह आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों के तथ्यहीन विरोध का सामना करते हुए, बिना हार माने मोदी आगे बढ़ते रहे और देश के लिए कुछ कर गुजरने के जुनून ने उन्हें आज देश का सबसे सफल प्रधानमंत्री बना दिया और दुनिया के करोड़ों लोग उन्हें अपना आदर्श मानते हैं, उनके बताए हुए हर नक्शे-कदम पर चलते हैं। देश का प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने अपना सारा समय देश की प्रगति की ओर लगा दिया व कई विदेश यात्राएं कर वहां के राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों से मिलकर भारत के साथ विदेशों का रिश्ता मजबूत बनाया। 

लोक हित योजनाएं
प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने कई लोक हित योजनाएं शुरू कीं, जैसे स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री जन धन योजना, उज्जवला योजना, नोटबंदी, जी.एस.टी., बेनामी जायदाद विरोधी कानून, एस.सी.-एस.टी. आरक्षण कानून, ओ.बी.सी.कमिशन, ट्रिपल तलाक विरोधी अध्यादेश व ऐतिहासिक सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण का कानून, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पैंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, पहल योजना, मिशन इंद्रधनुष, स्टार्टअप इंडिया-स्टैंडअप इंडिया, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, सबके लिए आवास योजना, किसानों के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना (जन आरोग्य योजना)। 

इसके अलावा भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आम जनता के लिए कई अन्य लाभकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। इन्हीं योजनाओं के कारण भारत में मोदी के कार्यकाल के दौरान तेजी से विकास हुआ व भ्रष्टाचार से लडऩे के लिए मोदी जी ने सख्त कदम उठाए। उनकी राजनीतिक धारा और प्रशासनिक नीतियों से किसी को मतभेद हो सकते हैं लेकिन इस हकीकत से इंकार नहीं किया जा सकता कि उनके कतिपय चारित्रिक गुण सार्वजनिक जीवन में मौजूदा वातावरण में उन्हें विशिष्ट बनाते हैं। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के निर्वाचित मौजूदा प्रधानमंत्री होने के बावजूद उन्होंने परिवारवाद की राजनीति से अपने आप को बचाए रखा। ऐसे राजनेता न सिर्फ भारत में बल्कि समूचे दक्षिण एशिया (एरिया) में गिने-चुने ही हैं। पी.एम. बनने के बाद भी बेहद सादगी से जीवन जीने वाले नरेन्द्र मोदी ने न सिर्फ राजनीतिक माहौल पर सकारात्मक असर डाला है बल्कि नई पीढ़ी के लिए आदर्श बनकर उभरे हैं। 

मोदी की लोकप्रियता और विरोधी
अब 2019 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी की देश की जनता में बढ़ चुकी लोकप्रियता विरोधियों के गले नहीं उतर रही। लोकसभा चुनाव में अपनी भावी हार को देखते हुए देश की सबसे बड़ी कांग्रेस पार्टी व अन्य छोटी-छोटी विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने के लिए हर प्रदेश में महागठबंधन कर रही हैं लेकिन मोदी एक चट्टान की तरह देश को तरक्की की राह पर ले जाने के अपने उद्देश्य में अग्रसर हैं और इसमें देश की जनता भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। 

प्रधानमंत्री मोदी जी ने आज तक एक भी छुट्टी नहीं ली व वह देशवासियों का जीवन सर्व सुविधा सम्पन्न बनाने के लिए हर दिन 18 घंटे काम करते हैं। उड़ी में आतंकी हमले के बाद मोदी के आदेश पर 29 सितम्बर 2016 को भारतीय सेना के वीर जवानों ने पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जीकल स्ट्राइक में आतंकी कैंपों को तबाह किया व भारी संख्या में पाक आतंकवादियों का विनाश किया जो आतंकवाद पर कड़ी चोट है। 

खुद उदाहरण बनना पसंद
मोदी के नेतृत्व की यह सफलता है कि अपनी टीम को कुशलता से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं व खुद उदाहरण बनाना पसंद करते हैं। उनका व्यक्तित्व इतना जादुई व मजबूत है कि उनकी उम्र उनके उत्साह, जोश व जुनून की राह में रोड़ा नहीं बन पाती और वह देश के युवाओं के लिए एक आदर्श और मजबूत नेतृत्व वाले नेता के रूप में स्थापित हुए हैं। नरेन्द्र मोदी का विशेष गुण उनकी दूरदर्शिता है जिसके चलते वह तुरंत कड़े निर्णय लेने वाले प्रधानमंत्री हैं। वह भारत की जनता को आर्थक विकास, भ्रष्टाचार  मुक्त सरकार देने में सफल रहे हैं। बड़ी-बड़ी योजनाएं कुशलता से बनाने का गुण नरेन्द्र मोदी की सफलता का महान राज है। नरेन्द्र मोदी ने तकनीक के क्षेत्र में अपने आपको हमेशा अपडेट रखा। विपक्षियों के कड़े विरोध से अप्रभावित मोदी ने कभी विनम्रता का साथ नहीं छोड़ा। मोदी के जीवन से हम सबको प्रेरणा मिलती है कि  हमें मेहनत व ईमानदारी से अपना काम पूरा करना चाहिए व स्वार्थहीन होकर देश की सेवा करनी चाहिए।-श्वेत मलिक (सांसद एवं अध्यक्ष पंजाब भाजपा)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News