मंझधार में फंसे अग्निहोत्री, 2 धड़ों में कहां जाएं नहीं कर पा रहे निर्णय: सत्ती

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 02:01 PM (IST)

 

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के खिलाफ पार्टी कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है। बुधवार को विश्रामगृह ऊना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि नेता विपक्ष ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में हलवाई, धोबी और मास्टर भर्ती किए जाने जैसी अपमानजनक टिप्पणियां की थी। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री को नहीं भूलना चाहिए कि उनकी पत्नी भी एक शिक्षिका हैं। ऐसे में क्या वह शिक्षकों को सही नहीं मानते हैं। क्या वह पत्नी की जॉब को भी बुरा मानते हैं। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि हलवाई और धोबी समाज के अभिन्न अंग हैं। इन प्रतिष्ठित लोगों की वजह से ही समाज चलता है। 

धोबी और हलवाई होना कोई बुरी बात नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी व्यवसाय एवं कार्य से जुड़ा हुआ है। इन लोगों का अनुकरणीय योगदान है। ऐसे में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने पूरे समाज का अनादर और अपमान किया है। नेता विपक्ष के खिलाफ इस मामले पर कानूनी कार्रवाई के लिए विचार किया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कई धड़ों में बंटी हुई है। हालांकि यह उनका आंतरिक मामला है लेकिन पार्टी के भीतर जूतम पैजार की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री 2 धड़ों में फंसे हुए हैं। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि वह किस धड़े को छोड़ें और किसके साथ जाएं।

वर्चस्व की लड़ाई कांग्रेस के भीतर छिड़ी हुई है। अपने को स्थापित करने में सभी नेता होड़ लगाए हुए हैं। नेता विपक्ष अग्निहोत्री भी मंझधार में फंसकर कोई भी निर्णय नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि 28 जनवरी को ऊना में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं। हजारों की तादाद में पन्ना प्रमुख इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके लिए पार्टी के विस्तारकों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश भर से विस्तारक सूचियां बनाने और पार्टी के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। हर रोज इसकी समीक्षा की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News