सुक्खू पर टिप्पणी कर घिरे वीरभद्र, कांग्रेस महासचिव ने सुनाई खरी-खरी

punjabkesari.in Monday, Jan 14, 2019 - 03:04 PM (IST)

 

हमीरपुर (राकेश): वीरभद्र सिंह के हमीरपुर दौरे के बाद कांग्रेस में गुटबाजी सामने आई है। वीरभद्र द्वारा सुक्खू पर की गई टिपण्णी को लेकर कांग्रेस के महासचिव सुनील शर्मा ने कड़ा विरोध किया है। हमीरपुर पहुंचे सुनील शर्मा ने कहा कि वीरभद्र के बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है। साथ ही वीरभद्र को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वह सुक्खू के खिलाफ बोलने की बजाए अगर भाजपा सरकार को अपना निशाना बनाते तो अच्छा होता।

सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की थी और सुक्खू व उनकी टीम लगातार उनके निशाने पर रही। वैसे तो कांग्रेस की गुटबाजी जगजाहिर है लेकिन इस कार्यक्रम के दौरान वीरभद्र का इस तरह से सुक्खू पर बेबाक बोलना कुछ और ही इशारा कर रहा है। प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ वीरभद्र की टिप्पणी का ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा ने कड़ा विरोध विरोध किया है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस तरह के बयानों से पार्टी को नुकसान हो रहा है जो कदापि भी पार्टी के हित में सही बात नहीं है।

उन्होंने कहा कि होना तो यह चाहिए था की पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ टिप्पणी करने की वजह वे प्रदेश की भाजपा सरकार को अपना निशाना बनाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता या नेता अगर अनुशासनहीनता करता है तो वे निश्चित तौर पर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। सुनील शर्मा ने कहा कि वीरभद्र जब भी हमीरपुर आते हैं वे दो काम करते हैं एक तो सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हमेशा निशाना साधते हैं और दूसरा हमीरपुर लोकसभा टिकट की घोषणा कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह एक वरिष्ठ नेता है और उन्हें पता होना चाहिए कि पार्टी की टिकट पार्टी हाईकमान तय करता है कोई व्यक्ति विशेष टिकट नहीं देता।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News