वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जंगल में खैर के पेड़ काटते 3 दबोचे

punjabkesari.in Saturday, Jan 12, 2019 - 08:34 PM (IST)

शाहतलाई: वन विभाग की टीम ने खैर के पेड़ काट रहे 3 वन काटुओं को दबोचने में सफलता हासिल की है। तीनों आरोपी मलरांव जंगल में वारदात को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों के खिलाफ तलाई पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है। उधर, डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने जंगल में अवैध रूप से कटान करने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मनजीत सिंह पुत्र गोरखू राम निवासी मलरांव, सुखदेव सिंह पुत्र ठैणू राम निवासी मलरांव व सोहन सिंह पुत्र श्रवण सिंह ढोलक चकनाड के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 379 व 34 तथा वन अधिनियम की धारा 32, 33 के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

अधिकारियों को देख मौके से रफूचक्कर हुए वनकाटू

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटधार के वन परिक्षेत्र कलोल के अंतर्गत आने वाले जंगल मलरांव में वनखंड अधिकारी मान सिंह व बीट रक्षक नरेंद्र सिंह शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे गश्त कर रहे थे तो उन्हें जंगल में पेड़ काटने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर वन विभाग की टीम ने देखा कि 3 लोग जंगल में अवैध रूप से एक बड़े खैर के पेड़ को काट रहे थे। जैसे ही वन काटुओं ने वन विभाग के अधिकारियों को देखा तो वे घटनास्थल से अपने औजारों को छोड़ कर रफूचक्कर हो गए लेकिन विभाग के कर्मचारियों की सूझबूझ से घटना स्थल से कुछ दूरी पर 1 वनकाटु को दबोच लिया जबकि 2 अन्य फरार होने में सफल रहे।

2 घंटे बाद झाड़ियों से दबोचा दूसरा वनकाटू

विभागीय टीम ने अपना सर्च अभियान जारी रखा तथा 2 घंटे बीत जाने के उपरांत उन्होंने झाड़ियों में छुपे दूसरे वनकाटू को भी दबोच लिया जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। उसके पश्चात वन खंड अधिकारी मान सिंह ने इसकी सूचना पुलिस थाना तलाई को देकर पकड़े गए 2 वन काटुओं को उनके हवाले कर दिया जबकि तीसरा वनकाटु जो फरार हो गया था उसे भी देर रात उसके घर से दबोच लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया । उधर, डी.एफ.ओ. बिलासपुर सरोज भाई पटेल ने बताया कि इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है।

रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी

उधर, इस बारे में वन विभाग के बी.ओ. कलोल मान सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि खैर काटुओं को रंगे हाथों पकड़ा गया था । उन्होंने कहा कि वन विभाग के जंगलों से किसी भी व्यक्ति को अवैध रूप से खैर सहित किसी भी प्रकार का पेड़ काटने की अनुमति किसी भी कीमत पर नहीं दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News