खाकी हुई दागदार, ATM से छेड़छाड़ करने वाला पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Dec 13, 2018 - 08:50 PM (IST)

शिमला: राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान से सटे लक्कड़ बाजार में पी.एन.बी. बैंक के ए.टी.एम. मशीन को तोड़ने की कोशिश करने वाले शातिर को बीती रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह 4 बजे के करीब आरोपी ने ए.टी.एम. मशीन को तोड़ने की कोशिश की थी। उसकी तस्वीर ए.टी.एम. में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई थी जिसके आधार पर सदर थाना पुलिस ने बीती देर रात आरोपी को उपनगर संजौली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस कांस्टेबल ही निकला, जिसे पुलिस ने संजौली से गिरफ्तार किया। आरोपी संजौली में किराए के कमरे में रह रहा था।

ड्यूटी से नदारद रहने पर किया गया था सस्पैंड

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान अजय कुमार (29) पुत्र सुकाद राम के रूप में हुई है और वह चम्बा जिला की चुवाड़ी तहसील के रायपुर गांव का मूल निवासी है। आरोपी अजय कुमार शिमला में पुलिस कांस्टेबल के तौर पर ड्यूटी दे रहा था। इसी माह एक दिसम्बर को ड्यूटी से गायब रहने के कारण उसे सस्पैंड कर दिया गया था। उसके बाद वह शिमला में इधर-उधर भटक रहा था।

होटल मालिक के जागने पर भाग निकला था आरोपी

बता दें कि लूट के मकसद से ए.टी.एम. रूम के भीतर दाखिल होकर आरोपी मशीन को तोड़ने की कोशिश कर रहा था लेकिन इसी बीच आवाज सुनकर बगल में स्थित एक निजी होटल का मालिक जागा और मौके पर पहुंचा। होटल मालिक को देख आरोपी वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। इसके बाद पुलिस व बैंक अधिकारी वहां पहुंचे और पाया कि ए.टी.एम. की मशीन का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त है। हालांकि मशीन में रखा सारा कैश सुरक्षित मिला।

कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा

डी.एस.पी. हैडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने कहा कि ए.टी.एम. को तोडऩे की कोशिश करने वाला आरोपी पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेजा। आरोपी चम्बा जिला का रहने वाला है। इस माह 1 दिसम्बर को उसे ड्यूटी से गायब रहने के कारण उसे सस्पैंड कर दिया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News