काऊंटर इंटैलीजैंस से हुई मुठभेड़, 21 करोड़ रुपए की हैरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Dec 13, 2018 - 01:52 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): पंजाब के खुफिया विभाग काऊंटर इंटैलीजैंस के साथ हुई मुठभेड़ के उपरांत 2 हैरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान बसंत सिंह निवासी राजा ताल व मनजिन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त तस्करों के कब्जे से 4 किलो 230 ग्राम हैरोइन, 9 एम.एम. का पिस्तौल व 2 पाकिस्तानी सिम बरामद की। दोनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उन्हें माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बरामद की गई हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

यह खुलासा आज काऊंटर इंटैलीजैंस के ए.आई.जी. अमरजीत सिंह बाजवा ने पत्रकार सम्मेलन दौरान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सीमा पार पाकिस्तान से आई हैरोइन की खेप अमृतसर के रास्ते चंडीगढ़ व मुंबई ले जाई जा रही है। इस पर काऊंटर इंटैलीजैंस की एक विशेष टीम ने सतलानी साहिब के समीप लगाए गए नाके के दौरान मोटरसाइकिल सवार उक्त आरोपियों को रुकने का इशारा किया। इस दौरान बसंत सिंह ने मार डालने की नीयत से पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस ने जवाब में फायर किया और घेरा डाल दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पाकिस्तान के स्मगलर से जुड़े हैं तस्करों के तार : प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के पाकिस्तान में बैठे हैरोइन तस्कर हरुण मसीह निवासी मनियाला लाहौर के साथ गहरे संबंध हैं। पकड़ी गई हैरोइन की यह खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी जिसे पंजाब के कुछ क्षेत्रों के साथ-साथ चंडीगढ़ व मुंबई भेजा जाना था। तस्करों से कब्जे से बरामद किए गए 2 पाकिस्तानी सिम पूरी तरह से स्कैन किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News